मंडला में खेत में मिला नाबालिग का शव: गले पर चोट के निशान, हत्या की आशंका; पुलिस ने शुरू की जांच
मंडला के टिकरिया थाना क्षेत्र में खेत में नाबालिग का शव मिला। गले पर चोट के निशान मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की।

Mandla News: मंडला जिले के टिकरिया थाना क्षेत्र में खेत में संदिग्ध परिस्थितियों में नाबालिग का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। मृतिका के गले पर चोट के निशान मिलने के बाद हत्या की आशंका जताई जा रही है। खेत में शव देखकर स्थानीय लोगों ने परिजनों और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची टिकरिया पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। शव का पोस्टमार्टम नारायणगंज स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सकों की टीम ने किया।
रात 10 बजे तक परिवार के साथ थी नाबालिग
पुलिस के अनुसार बालिका बुधवार रात करीब 10 बजे तक परिवार के साथ घर पर थी। इसके बाद परिवार के लोग सो गए। सुबह उसका शव खेत में मिला। स्थानीय लोगों ने शव देखकर परिजनों और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा कार्रवाई की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
गले पर चोट के निशान
निवास एसडीओपी पीएस वालरे के अनुसार, बालिका के गले पर चोट के निशान मिले हैं। पुलिस इस मामले को संदिग्ध मानकर जांच कर रही है। अधिकारियों के मुताबिक, मौत के कारणों का पता लगाने के लिए घटनाक्रम से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।
जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि बालिका घर से कब निकली और खेत तक कैसे पहुंची। परिजनों से भी जानकारी जुटाई जा रही है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगी मौत की वजह
फिलहाल पुलिस ने मौत की वजह को लेकर कोई अंतिम निष्कर्ष नहीं दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर मामले की आगे की दिशा तय होगी। पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि यह घटना किन परिस्थितियों में हुई।


.jpg&w=3840&q=75)

