मंडला में 'डबल मनी' के नाम पर करोड़ों की ठगी; गिरोह का पर्दाफाश, 6 आरोपी गिरफ्तार
मंडला में डबल मनी के नाम पर करीब 1.75 करोड़ की ठगी का खुलासा हुआ है। पुलिस ने मुख्य आरोपी राजिक समेत 6 लोगों को गिरफ्तार किया है।
Mandla Double Money Fraud: मंडला में डबल मनी के नाम पर करोड़ों रुपए की ठगी करने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मुख्य आरोपी राजिक समेत 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों से 32 लाख रुपए नकद सहित कुल 66.50 लाख रुपए का सामान जब्त हुआ है। पुलिस के मुताबिक, अब तक करीब 1.75 करोड़ रुपए की ठगी सामने आ चुकी है और 50 से ज्यादा पीड़ितों से पूछताछ की जा रही है।
एक महीने में पैसा दोगुना करने का झांसा
पुलिस के मुताबिक गिरोह लोगों को कम समय में रकम दोगुनी करने का लालच देता था। आरोपियों ने निवेश के नाम पर लोगों से बड़ी रकम जमा कराई और बाद में रकम वापस नहीं की।
कई शहरों में पुलिस की दबिश
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने नागपुर, गोंदिया, मुंबई, बालाघाट समेत कई स्थानों पर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान मुख्य आरोपी राजिक सहित 6 लोगों को गिरफ्तार किया गया।
66.50 लाख की जब्ती
गिरफ्तार आरोपियों से पुलिस ने कुल 66.50 लाख रुपए का सामान जब्त किया है। इसमें 32 लाख रुपए नकद, 3 स्कूटी, एक मारुति ब्रेजा, हुंडई अल्काजार और मोबाइल फोन शामिल हैं।
50 से ज्यादा पीड़ितों से पूछताछ
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गिरोह ने किन-किन लोगों से रकम ली थी और कुल कितनी राशि का लेन-देन हुआ। अब तक करीब 50 से ज्यादा पीड़ितों से पूछताछ की जा रही है। साथ ही आरोपियों के बैंक खातों और दूसरे वित्तीय लेन-देन की जानकारी भी जुटाई जा रही है।




