MP News: किताबों की जगह बच्चियों के हाथ में बर्तन! शिक्षा के मंदिर से शर्मनाक तस्वीर वायरल
MP News: नरसिंहपुर जिले की गोटेगांव तहसील अंतर्गत ग्राम राजा कछार स्थित शासकीय विद्यालय से शिक्षा के मंदिर को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है।
MP News: नरसिंहपुर में शिक्षा के मंदिर से शर्मनाक तस्वीर सामने आई है। गोटेगांव ब्लॉक के राजा कछार माध्यमिक स्कूल का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें स्कूली बच्चियां चाय बनाने वाले बर्तनों को साफ करती नजर आ रही हैं। दावा है कि वीडियो दो दिन पुराना है। हैरानी की बात ये है कि यह मामला प्रदेश के शिक्षा मंत्री के गृह जिले का है, जहां बच्चों को पढ़ाई के बजाय बर्तन साफ करने का काम कराया जा रहा है।
ब्लॉक शिक्षा अधिकारी ने क्या कहा ?
मामला संज्ञान में आते ही वायरल वीडियो की सूक्ष्मता से जांच शुरू कर दी गई है। संस्था के प्रधान पाठक और संबंधित स्टाफ को कारण बताओ नोटिस जारी किया जा रहा है। जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ नियमानुसार कड़ी वैधानिक व अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। बच्चों से गैर-शैक्षणिक कार्य कराना पूरी तरह अस्वीकार्य है।
दोषी कर्मचारियों पर सख्त कार्रवाई की मांग
अभिभावकों का कहना है कि हम अपने बच्चों को सुनहरे भविष्य और अच्छी शिक्षा की उम्मीद में स्कूल भेजते हैं, न कि शिक्षकों के बर्तन साफ करने के लिए। दोषी कर्मचारियों पर तत्काल सख्त से सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
मौलिक अधिकारों का हनन
जिम्मेदार शिक्षकों की यह लापरवाही बाल अधिकार और सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े करती है। स्कूली समय में बच्चों से ऐसे कार्य कराना उनके मौलिक अधिकारों का हनन है।

