खुद को पाकिस्तानी बताने वाला हामिद निकला यूपी का शिवम, पुलिस ने परिजनों को सौंपा; जांच में मानसिक रूप से बीमार
जबलपुर के व्हीकल फैक्ट्री क्षेत्र में खुद को रावलपिंडी का हामिद अंसारी बताने वाला युवक यूपी का शिवम पाठक निकला।

Jabalpur Pakistani Youth Case: जबलपुर में व्हीकल फैक्ट्री के पास खुद को पाकिस्तान के रावलपिंडी का रहने वाला बताने वाले युवक की कहानी ने बुधवार को पुलिस और स्थानीय लोगों को उलझा दिया। युवक ने अपना नाम हामिद अंसारी बताया और पाकिस्तान से जुड़ी कई जानकारियां भी दीं। मामला संवेदनशील इलाके का होने के कारण पुलिस ने तुरंत उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। लेकिन जांच आगे बढ़ी तो पूरी कहानी पलट गई। पुलिस की जांच में युवक की पहचान उत्तर प्रदेश के हरदोई निवासी शिवम पाठक के रूप में हुई। पुलिस के मुताबिक, परिवार ने उसके मानसिक रूप से अस्वस्थ होने की जानकारी दी है और उसे परिजनों को सौंप दिया गया है।
हामिद अंसारी बता रहा था अपना नाम
बुधवार सुबह व्हीकल फैक्ट्री के आसपास घूम रहे युवक को स्थानीय लोगों ने संदिग्ध हालत में देखा। पूछताछ के दौरान उसने अपना नाम हामिद अंसारी बताते हुए खुद को पाकिस्तान के रावलपिंडी का निवासी बताया। युवक के दावे के बाद इलाके में लोगों के बीच संदेह बढ़ गया। मामला रक्षा संस्थान के आसपास का होने के कारण पुलिस को सूचना दी गई। रांझी पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को पूछताछ के लिए थाने ले गई।
पुलिस जांच में सामने आई असली पहचान
पूछताछ और परिवार से संपर्क के बाद युवक की पहचान शिवम पाठक, निवासी हरदोई, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई। पुलिस ने उसके बताए परिवार के सदस्यों के नाम और मोबाइल नंबर के आधार पर परिजनों से संपर्क किया। पुलिस के मुताबिक, शिवम पहले भी बिना बताए घर से निकल चुका है। परिवार ने बताया कि कुछ समय पहले उसे राजस्थान से तलाश कर वापस घर लाया गया था।
10 दिन पहले घर से निकला था
शिवम के भाई सत्यम के अनुसार, वह करीब 10 दिन पहले घर से बिना बताए निकल गया था। काफी तलाश के बाद भी जब उसका पता नहीं चला तो परिवार ने स्थानीय थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी। पूछताछ में शिवम ने पुलिस को बताया कि वह ट्रेन से जबलपुर रेलवे स्टेशन पहुंचा था। इसके बाद घूमते हुए व्हीकल फैक्ट्री क्षेत्र तक पहुंच गया।
पुलिस ने परिजनों को सौंपा
रांझी पुलिस ने पूछताछ के बाद शिवम की पहचान और उसके परिवार की जानकारी की पुष्टि की। इसके बाद उसे परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस के मुताबिक, चिकित्सकीय जांच में भी उसकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं होने की बात सामने आई।
अब पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि शिवम ने खुद को पाकिस्तानी नागरिक क्यों बताया और अलग-अलग पहचान क्यों बताता रहा।
अफवाहों से बचने की अपील
मामला सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर युवक को लेकर कई तरह के दावे किए गए। जबलपुर पुलिस ने लोगों से अपील की है कि जब तक पूरी स्थिति स्पष्ट न हो, तब तक किसी व्यक्ति के बारे में कोई बात कहना ठीक नहीं है।








