जबलपुर में संदिग्ध युवक मिलने से हड़कंप: खुद को बताया पाकिस्तानी, पुलिस ने हिरासत में लेकर शुरू की पूछताछ
जबलपुर में संदिग्ध युवक मिला। युवक ने खुद को पाकिस्तान के रावलपिंडी का निवासी बताया।
Jabalpur News: जबलपुर में व्हीकल फैक्ट्री के पास एक संदिग्ध युवक के मिलने से हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने युवक को संदिग्ध परिस्थितियों में घूमते देखा और उससे पूछताछ की। युवक ने अपना नाम हामिद अंसारी बताते हुए खुद को पाकिस्तान के रावलपिंडी का निवासी बताया। इसके बाद लोगों ने तुरंत रांझी पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर युवक को हिरासत में लिया और थाने ले जाकर पूछताछ शुरू कर दी।
डिफेंस संस्थान के पास संदिग्ध हालत में मिला युवक
जानकारी के मुताबिक युवक गोकलपुर क्षेत्र में व्हीकल फैक्ट्री के आसपास घूम रहा था। स्थानीय लोगों को उसकी गतिविधियां संदिग्ध लगीं, जिसके बाद उन्होंने उसे घेर लिया और पूछताछ शुरू कर दी।
घमापुर निवासी एडवोकेट आशीष प्रजापति ने बताया कि वह सुबह मॉर्निंग वॉक के लिए निकले थे। गोकलपुर के पास उन्हें कुछ लोगों की भीड़ दिखाई दी। वहां एक युवक को लोगों ने घेर रखा था।
आशीष के मुताबिक, युवक जिस स्थान पर मिला, वह एक डिफेंस संस्थान के नजदीक है। इसी वजह से मामले को गंभीर मानते हुए पुलिस को सूचना दी गई।
कभी शिवा तो कभी हामिद अंसारी बता रहा नाम
रांझी थाने के एसआई सीताराम बकोड़े के मुताबिक, युवक पूछताछ के दौरान अपना नाम बार-बार बदल रहा है। कभी वह खुद को शिवा, तो कभी हामिद अंसारी बता रहा है।
पुलिस के अनुसार, युवक के बयानों में भी लगातार बदलाव सामने आ रहा है। उसकी मेडिकल जांच कराई जा रही है। पुलिस उसकी पहचान और उसके द्वारा बताए जा रहे पते समेत अन्य जानकारियों की भी जांच कर रही है।
मंदिर के पास नारे लगाने का भी आरोप
स्थानीय लोगों ने युवक पर मंदिर के पास ‘पाकिस्तान जिंदाबाद’ के नारे लगाने का आरोप भी लगाया है। हालांकि, इस दावे की अभी पुलिस स्तर पर पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस फिलहाल युवक से पूछताछ कर उसके बयानों और पहचान की सच्चाई पता लगाने में जुटी है। जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि युवक वास्तव में कौन है और उसके द्वारा पाकिस्तान के रावलपिंडी का निवासी होने का दावा कितना सही है।
मेडिकल जांच के बाद स्थिति होगी साफ
पुलिस का कहना है कि फिलहाल युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। उसकी पहचान और पूरे घटनाक्रम से जुड़े तथ्यों की पुष्टि के लिए जांच जारी है।
ऐसे में युवक के पाकिस्तानी होने या उसके द्वारा नारे लगाने के दावे की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति सामने आएगी।









