पंजाब में चलती कर्मभूमि एक्सप्रेस में भड़की आग, 4 जनरल कोच चपेट में आए; सभी यात्री सुरक्षित
पटियाला में कर्मभूमि एक्सप्रेस ट्रेन के चार डिब्बों में आग लग गई। चलती ट्रेन में आग लगने से यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। फिलहाल किसी यात्री के घायल होने की सूचना नहीं है।


पंजाब में शुक्रवार दोपहर एक बड़ा रेल हादसा होते-होते टल गया। अमृतसर से पश्चिम बंगाल के न्यू जलपाईगुड़ी जा रही कर्मभूमि एक्सप्रेस में अचानक आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि इंजन के पीछे लगे चार जनरल कोच इसकी चपेट में आ गए। घटना के दौरान डिब्बों में यात्री सवार थे, जिससे ट्रेन में चीख-पुकार मच गई। जान बचाने के लिए यात्रियों ने ट्रेन से नीचे उतरकर खेतों की ओर दौड़ लगा दी। कुछ यात्रियों ने ट्रेन से छलांग भी लगा दी।
ट्रेन नंबर 12508 कर्मभूमि एक्सप्रेस में लगी आग
घटना फतेहगढ़ साहिब के साधूगढ़ और पटियाला के सराय बंजारा रेलवे स्टेशन के बीच हुई। रेलवे के मुताबिक, ट्रेन नंबर 12508 कर्मभूमि एक्सप्रेस शुक्रवार दोपहर करीब 1:10 बजे इस रूट से गुजर रही थी। इसी दौरान एक जनरल कोच में आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने आसपास के तीन अन्य कोचों को भी अपनी चपेट में ले लिया।
सेफ्टी सिस्टम एक्टिवेट होते ही रोकी गई ट्रेन
नॉर्दर्न रेलवे के सीपीआरओ हिमांशु शेखर उपाध्याय के मुताबिक, सराय बंजारा स्टेशन के पास ट्रेन का सेफ्टी सिस्टम एक्टिवेट हो गया, जिसके बाद ट्रेन को सुरक्षित रोक दिया गया। ट्रेन रुकते ही यात्रियों ने बाहर निकलकर अपनी जान बचाई।
घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे प्रशासन, दमकल विभाग और राहत टीमों को मौके पर भेजा गया। वरिष्ठ रेलवे अधिकारी भी घटनास्थल पर मौजूद रहे। शुरुआती जानकारी के अनुसार, आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट हो सकती है। हालांकि, घटना के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।
पंखे में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका
सरकारी रेलवे पुलिस (GRP) के एसएचओ गुरप्रीत सिंह ने बताया कि शुरुआती जांच में कोच के पंखे में शॉर्ट सर्किट होने की बात सामने आई है। आशंका है कि आग सबसे पहले एक कोच के अंदर लगी और फिर तेजी से दूसरे डिब्बों तक फैल गई।
रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, फिलहाल किसी यात्री के घायल होने की सूचना नहीं है। आग पर काबू पाने के लिए दमकलकर्मियों की टीम मौके पर काम कर रही है।
8 ट्रेनों के बदले गए रूट
कर्मभूमि एक्सप्रेस में आग लगने के बाद इस रेलखंड पर यातायात प्रभावित हुआ है। यात्रियों की सुरक्षा और रेल संचालन को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने 8 ट्रेनों के मार्ग बदल दिए हैं।
अंबाला मंडल की ओर से जारी डायवर्जन प्लान के अनुसार, डाउन दिशा की 5 और अप दिशा की 3 ट्रेनों को वैकल्पिक रास्तों से रवाना किया गया। रेलवे प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है।











