असम में बड़ा रेल हादसा: कोलकाता-सैरांग एक्सप्रेस के इंजन समेत 6 डिब्बे पटरी से उतरे, 50 पैसेंजर घायल
असम के डिगारू स्टेशन पर कोलकाता-सैरांग एक्सप्रेस के इंजन समेत 6 डिब्बे पटरी से उतर गए। हादसे का वीडियो सामने आया है।

Assam Train Accident: असम के कामरूप जिले में बुधवार सुबह कोलकाता-सैरांग एक्सप्रेस हादसे का शिकार हो गई। डिगारू रेलवे स्टेशन पर ट्रेन का इंजन और पांच डिब्बे पटरी से उतर गए। स्थानीय लोगों के मुताबिक, हादसे में करीब 50 यात्री घायल हुए हैं, जबकि पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे ने सभी यात्रियों के सुरक्षित होने की बात कही है। घटना के बाद रेलवे की टीम और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचकर यात्रियों की मदद में जुट गए।
दूसरी ट्रेन को प्राथमिकता देने के दौरान हुआ हादसा
पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (NFR) के मुताबिक, ट्रेन नंबर 13125 को डिगारू स्टेशन पर दूसरी ट्रेन को प्राथमिकता देने के लिए दूसरी लाइन पर लिया जा रहा था। इसी दौरान लोको पायलट ट्रेन की रफ्तार नियंत्रित नहीं कर सके। ट्रेन स्टेशन पर लगे बैरिकेड्स से टकरा गई, जिसके बाद इंजन और पांच डिब्बे पटरी से उतर गए।
लोको पायलट केबिन का वीडियो आया सामने
हादसे के समय का करीब 45 सेकेंड का एक वीडियो भी सामने आया है। इसमें लोको पायलट केबिन का कंट्रोल पैनल और अन्य उपकरण दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में लोको पायलट को सिग्नल लाल होने और इमरजेंसी ब्रेक काम नहीं करने की बात कहते सुना जा सकता है।
हालांकि, वीडियो में कही गई बातों के आधार पर ब्रेक फेल होने को हादसे का अंतिम कारण नहीं माना जा सकता। रेलवे की शुरुआती जानकारी के मुताबिक, ट्रेन की गति नियंत्रित नहीं हो सकी थी। हादसे की विस्तृत जांच के बाद ही कारण स्पष्ट होगा।
रेलवे अधिकारी और राहत दल मौके पर पहुंचे
हादसे की सूचना मिलते ही रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी और राहत-बचाव दल डिगारू स्टेशन पहुंचे। यात्रियों को ट्रेन से बाहर निकालकर आगे की यात्रा के लिए वैकल्पिक ट्रेन की व्यवस्था की गई। NFR के वरिष्ठ अधिकारी और महाप्रबंधक भी घटनास्थल पर पहुंचे।











