दुनिया के टॉप-50 प्रदूषित शहरों में 49 भारत के: श्रीगंगानगर का AQI 821; दिल्ली-भोपाल में 400 पार
दिवाली के बाद देश के कई शहरों में वायु प्रदूषण का स्तर बढ़ा हुआ है। AQI.in के आंकड़ों के मुताबिक, दुनिया के 50 सबसे प्रदूषित शहरों में 49 भारत के हैं।

Air Pollution: दिवाली के बाद देश के कई शहरों में वायु प्रदूषण का स्तर चिंताजनक बना हुआ है। AQI.in के आंकड़ों के मुताबिक, दुनिया के 50 सबसे प्रदूषित शहरों की सूची में 49 शहर भारत के शामिल हैं। आज सुबह 9:54 बजे के आकड़ों में राजस्थान का श्रीगंगानगर 821 AQI के साथ सूची में सबसे ऊपर रहा। वहीं दिल्ली, भोपाल और उज्जैन समेत कई शहरों में हवा की गुणवत्ता गंभीर श्रेणी में पहुंच गई है। दूसरी ओर, दक्षिण भारत के तमिलनाडु में बारिश का दौर जारी है, जबकि उत्तराखंड के कई जिलों में भी बारिश की संभावना जताई गई है।
श्रीगंगानगर दुनिया का सबसे प्रदूषित शहर
AQI.in के मुताबिक, आज सुबह 9:54 बजे जारी आंकड़ों में राजस्थान के श्रीगंगानगर का एयर क्वालिटी इंडेक्स 821 दर्ज किया गया। इसके साथ ही यह दुनिया के सबसे प्रदूषित शहरों की सूची में पहले स्थान पर रहा।
इस सूची में भारत के अलावा पाकिस्तान का लाहौर ही शामिल था। लाहौर का AQI 430 दर्ज किया गया और वह 14वें स्थान पर रहा। आंकड़े बताते हैं कि इस दौरान भारतीय शहरों में वायु प्रदूषण का स्तर काफी ऊंचा बना हुआ था।
दिल्ली, भोपाल और उज्जैन में हवा की स्थिति गंभीर
दिवाली के बाद दिल्ली-NCR और मध्य प्रदेश के कई शहरों में प्रदूषण का असर देखने को मिल रहा है। मंगलवार सुबह 6 बजे दिल्ली के चांदनी चौक में AQI 400 के पार दर्ज किया गया। राजधानी के कई अन्य इलाकों में भी वायु गुणवत्ता सूचकांक 300 से अधिक रहा।
मध्य प्रदेश के भोपाल और उज्जैन में भी AQI 400 के पार पहुंच गया। हरियाणा के बहादुरगढ़ में भी प्रदूषण का स्तर इसी श्रेणी में दर्ज किया गया। उत्तर प्रदेश के नोएडा में AQI 332, बुलंदशहर में 331 और गाजियाबाद में 324 रहा।
AQI के ये स्तर बताते हैं हवा कितनी खराब है
वायु गुणवत्ता सूचकांक यानी AQI के आधार पर हवा की स्थिति को अलग-अलग श्रेणियों में बांटा जाता है।
- 0 से 50: अच्छी
- 51 से 100: संतोषजनक
- 101 से 200: मध्यम
- 201 से 300: खराब
- 301 से 400: बहुत खराब
- 401 से 500: गंभीर
गंभीर श्रेणी का प्रदूषण स्वस्थ लोगों को भी प्रभावित कर सकता है। सांस और हृदय संबंधी परेशानी से जूझ रहे लोगों के लिए इसका असर अधिक जोखिम भरा हो सकता है।
तमिलनाडु में बारिश, उत्तराखंड के कई जिलों में अलर्ट की संभावना
प्रदूषण के बीच देश के कुछ हिस्सों में मौसम का अलग मिजाज देखने को मिल रहा है। तमिलनाडु के थूथुकुडी सहित कई इलाकों में लगातार बारिश हो रही है। मौसम विभाग के अनुसार, उत्तराखंड के उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में भी बारिश होने की संभावना है।
वहीं आंध्र प्रदेश, केरल और लक्षद्वीप में तेज हवाएं चलने का अनुमान जताया गया है। मध्य प्रदेश में रात का तापमान करीब 11 डिग्री सेल्सियस और उत्तर प्रदेश में 15 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की जानकारी दी गई है।
वाहनों के धुएं पर सुप्रीम कोर्ट सख्त, चार राज्यों से मांगा जवाब
दिल्ली-NCR में बढ़ते वायु प्रदूषण को लेकर सुप्रीम कोर्ट ने वाहनों से निकलने वाले धुएं पर चिंता जताई है। कोर्ट ने कहा कि गाड़ियों से होने वाले प्रदूषण में तेजी से बढ़ोतरी हुई है और इस पर तत्काल कदम उठाने की जरूरत है।
चीफ जस्टिस सूर्यकांत और जस्टिस जॉयमाल्य बागची व वी. मोहना की पीठ ने दिल्ली, उत्तर प्रदेश, राजस्थान और हरियाणा सरकारों के साथ दिल्ली नगर निगम (MCD) और दिल्ली पुलिस से जवाब मांगा है।
पुरानी और प्रदूषण फैलाने वाली गाड़ियों पर क्या कार्रवाई हुई?
सुप्रीम कोर्ट ने संबंधित सरकारों और एजेंसियों से पूछा है कि तय उम्र पूरी कर चुकी और प्रदूषण मानकों का पालन नहीं करने वाली गाड़ियों की आवाजाही रोकने के लिए क्या कदम उठाए गए हैं।
अदालत ने ऐसी गाड़ियों की पहचान, जांच और उनके खिलाफ कार्रवाई की व्यवस्था का ब्योरा भी मांगा है। इसके साथ ही प्रदूषण नियंत्रण प्रमाणपत्र यानी PUC की अनिवार्यता को प्रभावी तरीके से लागू करने के उपायों की जानकारी देने को कहा है।
पीठ ने खास तौर पर दिल्ली-NCR में पड़ोसी राज्यों से आने वाली निजी और व्यावसायिक गाड़ियों पर लागू नियमों और उनकी निगरानी व्यवस्था के बारे में भी जवाब मांगा है।













