माउस खराब होने से सवाल छूटने का दावा, NEET-PG छात्रा को हाई कोर्ट से झटका; री-एग्जाम की मांग खारिज
NEET-PG परीक्षा में माउस खराब होने का दावा करने वाली धार की छात्रा की याचिका हाई कोर्ट ने खारिज कर दी। कोर्ट ने दोबारा परीक्षा कराने से इनकार किया।

NEET-PG Exam: परीक्षा के दौरान कंप्यूटर माउस खराब होने और समय बर्बाद होने का हवाला देकर दोबारा परीक्षा की मांग करने वाली धार की छात्रा को मध्य प्रदेश हाई कोर्ट से राहत नहीं मिली। कोर्ट ने छात्रा की याचिका खारिज करते हुए स्पष्ट किया कि परीक्षा प्रक्रिया पूरी होने के बाद किसी एक अभ्यर्थी के लिए अलग से दोबारा परीक्षा कराने का आदेश नहीं दिया जा सकता। अदालत ने यह भी कहा कि परीक्षा के दौरान माउस खराब होने की शिकायत तत्काल केंद्र प्रभारी से किए जाने का कोई ठोस दस्तावेजी प्रमाण नहीं मिला।
परीक्षा में माउस खराब होने से समय बर्बाद होने का दावा
धार जिले के केलवाड़ा की रहने वाली जयश्री पाटीदार ने 30 अगस्त 2026 को प्रशांति इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी स्थित परीक्षा केंद्र पर NEET-PG की परीक्षा दी थी। छात्रा का आरोप था कि परीक्षा के दौरान उसे दिया गया कंप्यूटर माउस ठीक से काम नहीं कर रहा था। इसके चलते उसका कीमती समय बर्बाद हुआ और वह कई सवाल हल नहीं कर सकी।
इसी परेशानी को आधार बनाकर छात्रा ने हाई कोर्ट में याचिका दायर की थी। उसने परीक्षा में हुई कथित तकनीकी गड़बड़ी की जांच कराने और दोबारा परीक्षा का अवसर देने की मांग की थी।
CCTV फुटेज और कंप्यूटर सिस्टम लॉग पेश करने की मांग
याचिका में छात्रा ने परीक्षा केंद्र के CCTV फुटेज, कंप्यूटर सिस्टम लॉग और निरीक्षक की रिपोर्ट सहित अन्य इलेक्ट्रॉनिक रिकॉर्ड अदालत में मंगवाने का अनुरोध किया था। उनका कहना था कि इन रिकॉर्ड के जरिए माउस में आई तकनीकी खराबी और उससे प्रभावित हुए समय की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकती है।
छात्रा ने अदालत से इस मामले की निष्पक्ष जांच कराने के साथ दोबारा परीक्षा आयोजित करने या उचित राहत देने की मांग की थी।
हाई कोर्ट ने पूछा- परीक्षा के दौरान शिकायत क्यों नहीं की?
जस्टिस विवेक रूसिया और जस्टिस प्रदीप मित्तल की डिवीजन बेंच ने मामले की सुनवाई के दौरान पाया कि परीक्षा के समय माउस खराब होने की शिकायत केंद्र प्रभारी से तत्काल किए जाने का कोई ठोस दस्तावेजी प्रमाण रिकॉर्ड पर मौजूद नहीं है।
अदालत ने कहा कि यदि परीक्षा के दौरान कंप्यूटर या माउस में कोई तकनीकी समस्या आई थी, तो अभ्यर्थी को उसी समय परीक्षा केंद्र के प्रभारी को इसकी जानकारी देनी चाहिए थी। बाद में किए गए दावे के आधार पर परीक्षा प्रक्रिया को दोबारा शुरू करने का निर्देश नहीं दिया जा सकता।
सभी सवाल अटेम्प्ट करने की बात भी कोर्ट के सामने आई
सुनवाई के दौरान अदालत ने यह भी गौर किया कि याचिकाकर्ता ने परीक्षा में सभी प्रश्न अटेम्प्ट किए थे। ऐसे में केवल माउस खराब होने और समय बर्बाद होने के दावे के आधार पर उसे अलग से दोबारा परीक्षा का मौका देना उचित नहीं होगा।
प्रतिवादियों की ओर से अतिरिक्त महाधिवक्ता जान्हवी पंडित ने पक्ष रखा। सभी तथ्यों और उपलब्ध रिकॉर्ड पर विचार करने के बाद हाईकोर्ट ने छात्रा की दोबारा परीक्षा कराने की मांग स्वीकार नहीं की और रिट याचिका खारिज कर दी।







