'दशहरे के दिन जबलपुर के राम का हरण हो गया': निगम कमिश्रर के ट्रांसफर पर BJP विधायक का पोस्ट, भगवान राम से क्यों की तुलना?
जबलपुर नगर निगम आयुक्त रामप्रकाश अहिरवार के भोपाल तबादले के बाद भाजपा विधायक अजय विश्नोई की सोशल मीडिया पोस्ट चर्चा में आ गई है।
Key Takeaways
- •जबलपुर निगम आयुक्त का भोपाल तबादला
- •भाजपा विधायक अजय विश्नोई के पोस्ट से बड़ा विवाद
- •भगवान राम से तुलना करने पर कांग्रेस जताई आपत्ति

Jabalpur News: दशहरे पर जबलपुर नगर निगम आयुक्त रामप्रकाश अहिरवार के तबादले को लेकर सियासी विवाद खड़ा हो गया। पाटन से भाजपा विधायक अजय विश्नोई ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए लिखा, ‘दशहरे के दिन जबलपुर से राम का हरण हो गया।’ पोस्ट में अधिकारी के नाम की तुलना भगवान श्रीराम से किए जाने पर कांग्रेस नेताओं ने आपत्ति जताई। विवाद बढ़ने के बाद विधायक ने पोस्ट हटा दी।
अहिरवार को भोपाल नगर निगम आयुक्त की जिम्मेदारी
शासन के तबादला आदेश के तहत रामप्रकाश अहिरवार को भोपाल नगर निगम आयुक्त बनाया गया है। इससे पहले भोपाल निगम की जिम्मेदारी संस्कृति जैन संभाल रही थीं, जिनका तबादला अब मध्य प्रदेश शासन के वित्त विभाग में उप सचिव के पद पर कर दिया गया है।
कांग्रेस ने उठाए सवाल, श्रीराम से तुलना क्यों?
युवा कांग्रेस नेता दृगपाल सिंह लोदी ने पोस्ट पर सवाल उठाते हुए पूछा कि रामप्रकाश अहिरवार की तुलना भगवान श्रीराम से क्यों की गई। हालांकि, लोदी की पोस्ट में अजय विश्नोई को कांग्रेस का विधायक बताया गया, जबकि वह भाजपा के नेता और पाटन से विधायक हैं।
फिलहाल विवाद का केंद्र विधायक की पोस्ट और उसमें इस्तेमाल किए गए शब्द हैं। पोस्ट हटाए जाने के बाद भी इस पर राजनीतिक प्रतिक्रियाएं सामने आई हैं।




