जबलपुर में बदमाशों के हौसले बुलंद! हाईकोर्ट चीफ जस्टिस के बंगले के पास लूट की कोशिश, CCTV से तलाश जारी
हाईकोर्ट चीफ जस्टिस के बंगले के पास पांच युवकों ने युवक को रोककर लूट की कोशिश की। आरोपियों की तलाश CCTV से की जा रही है।
Jabalpur News: मध्य प्रदेश हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस के बंगले से चंद कदमों की दूरी पर पांच युवकों ने एक युवक को रोककर लूट की कोशिश की। घटना 12 अक्टूबर की देर रात सिविल लाइन चौराहे के पास हुई। पीड़ित ने बदमाशों का सामना करते हुए उन्हें पकड़ने की कोशिश की, लेकिन आरोपियों के चाकू लेकर उसकी ओर बढ़ने पर उसे जान बचाकर भागना पड़ा। घटना का CCTV फुटेज सामने आया है। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश में जुटी है।
दो एक्टिवा पर सवार होकर पहुंचे पांच युवक
जानकारी के मुताबिक, रांझी निवासी वैभव दुबे एक निजी कंपनी में नौकरी करता है। 12 अक्टूबर की रात करीब 1 बजकर 52 मिनट पर वह एक्टिवा से घर लौट रहा था। इसी दौरान सिविल लाइन चौराहे पर दो एक्टिवा पर सवार पांच युवकों ने उसे रोक लिया।
बताया गया है कि आरोपियों में से एक युवक अपनी गाड़ी से उतरकर वैभव के पास पहुंचा। वैभव ने हिम्मत दिखाते हुए उसे पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन इसके बाद आरोपी वहां से भागने लगे।
चाकू लेकर पीड़ित की ओर बढ़े आरोपी
CCTV फुटेज में दिखाई दे रहा है कि भागने के बाद आरोपी कुछ दूरी पर रुकते हैं और फिर चाकू लेकर वैभव की ओर बढ़ते हैं। खतरा भांपकर वैभव मौके से दौड़ लगा देता है। करीब 56 सेकेंड के फुटेज में आरोपी एक्टिवा पर सवार होकर तेज रफ्तार से इंद्रा मार्केट की ओर जाते नजर आ रहे हैं।
घटना के बाद वैभव सिविल लाइन थाने पहुंचा और पुलिस को पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी।
CCTV फुटेज से आरोपियों की तलाश
सिविल लाइन थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक, पांच आरोपियों में से मास्क पहने एक युवक की पहचान करने में सफलता मिली है। बाकी आरोपियों की पहचान के लिए CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
सिविल लाइन थाना प्रभारी शशि धुर्वे के अनुसार, आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस की दो टीमें लगाई गई हैं। पुलिस का कहना है कि सभी आरोपियों की तलाश जारी है।
हाईकोर्ट चीफ जस्टिस के बंगले के पास हुई इस घटना के बाद पुलिस CCTV फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच कर रही है।







