कटनी में थाने के अंदर आग लगाने वाले शख्स की मौत; पुलिस पर जलाने का आरोप, क्या थी वजह ?
कटनी के कुठला थाना परिसर में खुद पर पेट्रोल डालकर आग लगाने वाले शख्स की शनिवार को इलाज के दौरान मौत हो गई।
Katni News: कटनी के कुठला थाना परिसर में खुद पर पेट्रोल डालकर आग लगाने वाले दलपत पटेल की शनिवार को जबलपुर में इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, चोरी के मामले में उनके बेटे मोहित को हिरासत में लिया गया था और पूछताछ के दौरान उसकी मां को भी थाने बुलाया गया था। इसी दौरान दलपत पटेल ऑटो से थाने पहुंचे और खुद को आग लगा ली। घटना के बाद दलपत के परिजनों ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। वहीं पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है।
पुलिस ने चोरी मामले में की थी कार्रवाई
पुलिस जानकारी के अनुसार, कटनी के इंद्रनगर में सितंबर महीने में हुई चोरी की एक वारदात के सिलसिले में कार्रवाई चल रही थी। इस मामले में आरोपी लाला निषाद पहले पकड़ा जा चुका था, दलपत के बेटे मोहित पटेल को भी चोरी के आरोप में गिरफ्तार कर जेल भेजा गया।
सुनार को बेचे गए चोरी के गहने
गुरुवार को कुठला पुलिस मोहित को न्यायालय से पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ के लिए थाने लाई थी। पूछताछ में मोहित और उसकी मां ने चोरी के गहने एक सुनार के पास बेचने की बात बताई थी। सुनार की दुकान और आसपास जांच की गई, जिसमें दलपत की पत्नी की मौजूदगी के प्रमाण मिले। महिला ने पुलिस को बताया था कि चोरी का बचा हुआ कुछ जेवर उसका पति दलपत शुक्रवार को लेकर आएगा। इसके बाद शुक्रवार को दलपत थाने पहुंचा, जहां उसने खुद पर पेट्रोल डालकर आग लगा ली।
परिजनों ने पुलिस पर लगाए गंभीर आरोप
घटना के बाद दलपत के परिजनों ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनके बेटे महेंद्र पटेल का कहना है कि उनके पिता को पुलिस ने आग लगाई थी। महेंद्र के मुताबिक, जलने के बाद उनके पिता ने बताया था कि थाने वालों ने आग लगाई है।
आरोपों समेत पूरे मामले की निष्पक्ष जांच
घटना की जानकारी मिलने के बाद वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने मौके का जायजा लिया। कटनी एसपी अभिनय विश्वकर्मा के मुताबिक, चोरी के मामले में पूछताछ और जांच की कार्रवाई के दौरान दलपत थाने पहुंचे थे, जहां उन्होंने आत्मघाती कदम उठाया। एसपी ने कहा परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों सहित पूरे मामले की गहन और निष्पक्ष जांच कराई जा रही है।




