कटनी के ज्वेलरी शोरूम से 12 करोड़ के जेवर गायब, सोना-हीरा लेकर फरार हुए चोर; तलाश में जुटीं पुलिस की टीमें
कटनी के बरगवां इलाके में किसना ज्वेलर्स शोरूम से करीब 12 करोड़ रुपये के सोने और हीरे के आभूषण चोरी होने का मामला सामने आया है। सुबह दुकान खुलने पर वारदात का पता चला। पुलिस CCTV फुटेज, फॉरेंसिक साक्ष्यों और आसपास के कैमरों की मदद से आरोपियों की तलाश कर रही है।

Katni Jewellery Showroom Theft: मध्य प्रदेश के कटनी जिले में चोरी की एक बड़ी वारदात सामने आई है। बरगवां इलाके में एलआईसी के पास स्थित किसना ज्वेलर्स शोरूम से करीब 12 करोड़ रुपये के सोने और हीरे के आभूषण चोरी हुए है। चोर शोरूम के पिछले हिस्से से अंदर दाखिल हुए और वहां रखे कीमती जेवर लेकर फरार हो गए। गुरुवार सुबह दुकान खुलने पर घटना का पता चला।
दुकान खुली तो खाली मिले काउंटर और तिजोरियां
शोरूम संचालक मोहन बजाज ने बताया कि दिवाली के दौरान ग्राहकों की मांग को देखते हुए दुकान में अतिरिक्त ज्वेलरी स्टॉक रखा गया था। गुरुवार सुबह करीब 11 बजे जब उन्होंने शोरूम खोला, तो अंदर का नजारा देखकर हैरान रह गए। सामान बिखरा हुआ था और डिस्प्ले काउंटरों के साथ तिजोरियों में रखे आभूषण गायब थे। संचालक ने चोरी गए सोने और हीरे के जेवरों की कीमत करीब 12 करोड़ रुपये बताई है। हालांकि, चोरी हुए आभूषणों की अंतिम सूची और कीमत का आधिकारिक आकलन जांच के बाद ही स्पष्ट होगा।
सुबह के वक्त वारदात होने का अनुमान
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस अधीक्षक अभिनव विश्वकर्मा ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। शुरुआती जांच के आधार पर पुलिस को आशंका है कि वारदात 12 नवंबर की सुबह करीब 4 से 7 बजे के बीच हुई। शोरूम के पिछले हिस्से की दीवार में सेंध मिलने के बाद पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने शुरू किए।
CCTV और फॉरेंसिक साक्ष्यों के आधार पर जांच
बता दें, पुलिस ने शोरूम के अंदर लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग अपने कब्जे में ली है। इसके अलावा आसपास की सड़कों और प्रमुख स्थानों पर लगे कैमरों की फुटेज भी देखी जा रही है। फॉरेंसिक टीम और फिंगरप्रिंट विशेषज्ञों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं। आरोपियों तक पहुंचने के लिए पुलिस की कई टीमें बनाई गई हैं। मौके पर पहुंचा स्निफर डॉग शोरूम से निकलकर लाल पहाड़ी की दिशा में गया, लेकिन वहां से फिलहाल कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई।
दो साल पहले भी इलाके में हुई थी बड़ी चोरी
इस वारदात के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। करीब दो साल पहले इसी स्थान से लगभग 200 मीटर की दूरी पर स्थित SBI के एटीएम को भी बदमाश उखाड़कर ले गए थे। फिलहाल पुलिस ज्वेलरी शोरूम में हुई चोरी की जांच कर रही है और आरोपियों की पहचान के प्रयास जारी हैं।








