MP News: कटनी CSP नेहा पच्चीसिया समेत 3 पर FIR, CM मोहन यादव ने तत्काल लिया एक्शन
MP News: कटनी में 1.07 करोड़ रुपये की जमीन डील में कथित अनियमितताओं को लेकर CSP नेहा पच्चीसिया समेत तीन लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने मामले को गंभीरता से लिया है।
MP News: मध्य प्रदेश के कटनी जिले में 1.07 करोड़ रुपये के जमीन सौदे को लेकर मामला गरमा हुआ है। कुठला थाना पुलिस ने नगर पुलिस अधीक्षक नेहा पच्चीसिया, क्षितिज राज बारापत्रे और मारूफ अहमद हनफी के खिलाफ FIR दर्ज की है। शिकायतकर्ता आकाश उर्फ रमेश लोधी ने आरोप लगाया है कि उनके पिता रमेश लोधी की ग्राम कन्हवारा स्थित जमीन की रजिस्ट्री 15 अप्रैल 2026 को मारूफ अहमद हनफी के नाम कराई गई। शिकायत में जमीन के वास्तविक सौदे और रजिस्ट्री की रकम में बड़ा अंतर होने का भी दावा किया गया है।
1.07 करोड़ की डील, 18.20 लाख में रजिस्ट्री
शिकायत के मुताबिक, जमीन का सौदा करीब 1.07 करोड़ रुपये में तय हुआ था, लेकिन इसकी रजिस्ट्री महज 18.20 लाख रुपये में कराई गई है। शिकायतकर्ता का कहना है कि इसमें 15 लाख रुपये का चेक और 3.20 लाख रुपये नकद भुगतान किया गया, जबकि कथित तौर पर बाकी रकम का भुगतान नहीं हुआ।
साथ ही मामले में जमीन के नामांतरण को लेकर भी शिकायत की गई है। आरोप है कि रमेश लोधी के जेल में रहने के दौरान जमीन का नामांतरण खरीदार के पक्ष में करा दिया गया। पुलिस अब रजिस्ट्री के दस्तावेज, बैंक खातों में हुए लेन-देन, भुगतान से जुड़े रिकॉर्ड और नामांतरण की प्रक्रिया की जांच करेगी। साथ ही मामले से जुड़े लोगों और गवाहों के बयान भी दर्ज किए जा सकते हैं।
किन धाराओं में दर्ज हुआ केस?
बता दें कुठला थाने में दर्ज FIR में भारतीय न्याय संहिता की धारा 61, 198, 199, 308(7) और 318(4) का उल्लेख किया गया है। मामले में तीन लोगों को आरोपी बनाया गया है। हालांकि, FIR में लगाए गए आरोपों की जांच अभी जारी है। पुलिस दस्तावेजी और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट करने में जुटी है।
CM मोहन यादव ने लिया मामले का संज्ञान
वहीं कटनी के इस मामले को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गंभीरता से लेते हुए तत्परता दिखाई है। मुख्यमंत्री ने मुख्य सचिव को संबंधित CSP के खिलाफ तत्काल निलंबन की कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। साथ ही उन्होंने अपने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए कहा कि कानून व्यवस्था से जुड़े मामलों में किसी भी स्तर पर लापरवाही, दबाव या पद के दुरुपयोग को स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने की बात कही है।
पहले भी जांच के दायरे में रही हैं CSP
गौरतलब है कि नेहा पच्चीसिया इससे पहले भी कुछ मामलों को लेकर जांच के दायरे में रह चुकी हैं। उन पर वसूली और हत्या के एक मामले में चालान में देरी से जुड़े आरोप भी सामने आए थे। फिलहाल जमीन सौदे से जुड़े इस नए मामले में पुलिस की जांच होगी। बैंक ट्रांजेक्शन, रजिस्ट्री रिकॉर्ड और नामांतरण से जुड़े दस्तावेजों की जांच के बाद ही आरोपों की पूरी तस्वीर साफ हो सकेगी।

