कटनी में 12 करोड़ की ज्वेलरी चोरी का खुलासा: CCTV में दिखा मास्टरमाइंड, एक गिरफ्तार; झारखंड से निकला कनेक्शन
कटनी के किसना डायमंड एंड गोल्ड शोरूम में 12 करोड़ की चोरी का झारखंड कनेक्शन सामने आया है। CCTV में मुख्य आरोपी की पहचान हुई, पुलिस की 4 टीमें फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हैं।

Katni News: मध्यप्रदेश के कटनी में किसना डायमंड एंड गोल्ड ज्वेलरी शोरूम से करीब 12 करोड़ रुपए के सोने, चांदी और हीरे के आभूषण चोरी होने के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। कोलकाता से गिरफ्तार गिरोह के सदस्य बदरुद्दीन खान से पूछताछ में वारदात के मुख्य सरगना की पहचान हुई है। पुलिस के मुताबिक, गिरोह का मास्टरमाइंड अब्जुल झारखंड के साहिबगंज जिले का रहने वाला है। सात सदस्यीय गिरोह में छह आरोपी इसी जिले के बताए जा रहे हैं। हालांकि, अब तक चोरी गए आभूषण बरामद नहीं हो सके हैं।
चोरी के बाद पैदल पहुंचे मुख्य सड़क तक
पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी बदरुद्दीन खान ने पुलिस को बताया कि शोरूम में चोरी करने के बाद गिरोह के सभी सात सदस्य पैदल मुख्य सड़क तक पहुंचे थे। यहां से उन्होंने ऑटो रिक्शा लिया और कटनी रेलवे स्टेशन पहुंचे। इसके बाद सभी दानापुर एक्सप्रेस में सवार हो गए।
ट्रेन के प्रयागराज पहुंचने पर सभी आरोपी उतर गए और पुलिस से बचने के लिए अलग-अलग दिशाओं में फरार हो गए। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपी के बताए घटनाक्रम और भागने के रास्ते से जुड़ी जानकारियों का सत्यापन कर रही है।
CCTV में दिखा मुख्य सरगना, चार टीमें तलाश में जुटीं
पुलिस ने शोरूम और आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज की जांच की है। इसमें गिरोह के मुख्य सरगना अब्जुल की तस्वीर सामने आई है। गिरफ्तार आरोपी से मिली जानकारी और फुटेज के आधार पर पुलिस बाकी आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।
फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कटनी पुलिस ने चार विशेष टीमें बनाई हैं। ये टीमें उत्तर प्रदेश के प्रयागराज, झारखंड के साहिबगंज और पश्चिम बंगाल समेत अन्य संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।
12 करोड़ के आभूषणों की बरामदगी सबसे बड़ी चुनौती
इस मामले में पुलिस के सामने अब चोरी गए करीब 12 करोड़ रुपए के आभूषण बरामद करना सबसे बड़ी चुनौती है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ में कई अहम जानकारियां मिली हैं। इनका तकनीकी और जमीनी स्तर पर सत्यापन कराया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि मुख्य सरगना की पहचान हो चुकी है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी और चोरी गए माल की शत-प्रतिशत बरामदगी के लिए चार टीमें अलग-अलग राज्यों में कार्रवाई कर रही हैं।



