मंडला में पीएम आवास के नाम पर रिश्वत! पंचायत सचिव पर 5 हजार रुपए मांगने का आरोप, EOW ने दर्ज किया अपराध
मंडला में नारायणगंज जनपद की पड़रिया ग्राम पंचायत के सचिव अभिषेक शर्मा पर प्रधानमंत्री आवास योजना के नाम पर 5 हजार रुपए रिश्वत मांगने का आरोप है।

Mandla News: मंडला में प्रधानमंत्री आवास योजना के नाम पर रिश्वत मांगने का मामला सामने आया है। नारायणगंज जनपद की पड़रिया ग्राम पंचायत के सचिव अभिषेक शर्मा पर 5 हजार रुपए मांगने का आरोप है। शिकायत की जांच के बाद आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (EOW) ने उनके खिलाफ अपराध दर्ज किया है।
शिकायत के बाद EOW की कार्रवाई
शिकायतकर्ता अमन गुप्ता ने इस मामले में EOW से शिकायत की थी। शिकायतकर्ता के मुताबिक उनकी मां शशि गुप्ता के नाम पर प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत सर्वे के बाद आवास स्वीकृत कराने के लिए पंचायत सचिव अभिषेक शर्मा पांच हजार रुपये की मांग कर रहे हैं। जांच के दौरान रिश्वत मांगने की पुष्टि होने के बाद पंचायत सचिव के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।
पंचायत सचिव संघ का जिला अध्यक्ष भी है आरोपी
आरोपी अभिषेक शर्मा ग्राम पंचायत सचिव संघ का जिला अध्यक्ष भी हैं। मामला सामने आने के बाद पंचायत विभाग में चर्चा तेज हो गई है।
फिलहाल EOW जबलपुर की ओर से मामले में आगे की कार्रवाई जारी है। आरोपों के संबंध में अंतिम निष्कर्ष जांच और कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही सामने आएगा।



