मंडला में नर्मदा नदी में गिरा ट्रक, केबिन में फंसे ड्राइवर को पुलिस ने बचाया, अस्पताल में भर्ती
मंडला-जबलपुर NH-30 पर फूलसागर पुल की रेलिंग तोड़कर 16 चक्का ट्रक नर्मदा नदी में गिर गया। मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों और पुलिस ने क्रेन की मदद से रेस्क्यू कर चालक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

Mandla News: मध्यप्रदेश के मंडला-जबलपुर नेशनल हाईवे-30 पर शनिवार को बड़ा सड़क हादसा हो गया। फूलसागर पुल से गुजर रहा 16 चक्का ट्रक अचानक अनियंत्रित हो गया और पुल की रेलिंग तोड़ते हुए करीब 25 फीट नीचे नर्मदा नदी के बैकवॉटर में जा गिरा। हादसे के बाद ट्रक का चालक केबिन में ही फंस गया। मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों और पुलिस ने क्रेन की मदद से रेस्क्यू कर उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया। घायल चालक को उपचार के लिए मंडला जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। राहत की बात यह रही कि हादसे में चालक की जान बच गई। हालांकि, दुर्घटनाग्रस्त ट्रक अभी भी नदी में फंसा हुआ है और उसे बाहर नहीं निकाला जा सका है।
रायपुर से दिल्ली जा रहा था ट्रक
जानकारी के मुताबिक, 16 चक्का ट्रक छत्तीसगढ़ के रायपुर से दिल्ली की ओर जा रहा था। ट्रक में लोहे की कॉइल लोड थी। शनिवार को जब वाहन मंडला-जबलपुर नेशनल हाईवे-30 पर फूलसागर पुल से गुजर रहा था, तभी चालक का ट्रक से नियंत्रण बिगड़ गया।
इसके बाद ट्रक पुल की रेलिंग तोड़ता हुआ सीधे नीचे नदी में जा गिरा। हादसा इतना गंभीर था कि ट्रक का अगला हिस्सा पानी में फंस गया और चालक केबिन के अंदर ही फंसकर रह गया। बताया जा रहा है कि नदी में नर्मदा का बरगी डैम बैकवॉटर है।
केबिन में फंसा रहा चालक
हादसे के बाद ट्रक चालक रवींद्र यादव (28) केबिन के अंदर फंस गया। ट्रक का केबिन पानी के ऊपर रहने के कारण उसे डूबने से बचने का मौका मिला। दुर्घटना की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और चालक को बाहर निकालने की कोशिश शुरू की।
सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंच गई। इसके बाद क्रेन की मदद से रेस्क्यू अभियान चलाया गया। स्थानीय लोगों और पुलिस की संयुक्त कोशिशों से चालक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। रवींद्र यादव उत्तर प्रदेश के ललितपुर के रहने वाले हैं। उन्हें एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
पुलिस ने संभाली यातायात व्यवस्था
चालक को सुरक्षित निकालने के बाद पुलिस ने घटनास्थल पर मोर्चा संभाला। हाईवे पर यातायात व्यवस्था को नियंत्रित किया गया, ताकि राहत और बचाव कार्य में परेशानी न हो।
हादसे के बाद ट्रक नदी में ही फंसा हुआ है। उसे बाहर निकालने के लिए क्रेन की मदद ली गई। फिलहाल वाहन को पूरी तरह बाहर नहीं निकाला जा सका है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। शुरुआती जानकारी में ट्रक के अनियंत्रित होने की बात सामने आई है, लेकिन वाहन का नियंत्रण कैसे बिगड़ा, यह अभी स्पष्ट नहीं है।




