मंडला में अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, चार ढाबे सील, 108 लीटर शराब जब्त; संचालकों के खिलाफ केस दर्ज
मंडला में नेशनल हाईवे-30 के चार ढाबों से 108 लीटर अवैध शराब जब्त की गई। प्रशासन ने सभी ढाबे सील कर संचालकों पर केस दर्ज किया।

Mandla News: मध्यप्रदेश के मंडला में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ पुलिस और प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। शुक्रवार रात पुलिस, आबकारी और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने नेशनल हाईवे-30 स्थित चार ढाबों पर अचानक छापेमारी की। जांच के दौरान यहां से करीब 108 लीटर देशी और विदेशी शराब बरामद की गई। कार्रवाई के बाद चारों ढाबों को सील कर दिया गया है। वहीं, ढाबा संचालकों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किए गए हैं।
चार ढाबों से मिली 108 लीटर शराब
संयुक्त टीम ने हाईवे पर स्थित माही ढाबा, मूडी मून ढाबा, परिहार ढाबा और याराना ढाबा की जांच की। इस दौरान चारों जगह अवैध रूप से रखी शराब मिली। अधिकारियों के मुताबिक, याराना ढाबा से 40 लीटर, परिहार ढाबा से 48 लीटर और माही व मूडी मून ढाबे से 10-10 लीटर शराब जब्त की गई।
इस तरह कुल करीब 108 लीटर देशी और विदेशी शराब बरामद हुई। अचानक हुई छापेमारी से ढाबा संचालकों में अफरा-तफरी मच गई। टीम ने शराब जब्त करने के साथ ही संबंधित संचालकों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी।
चारों ढाबों को किया गया सील
कार्रवाई के दौरान जिन चार ढाबों से शराब बरामद हुई, उन्हें सील कर दिया गया। संयुक्त टीम में एसडीएम शैलेन्द्र चौधरी, एसडीओपी पीयूष मिश्रा, तहसीलदार हिमांशु भलावी और कोतवाली थाना प्रभारी शफीक खान सहित पुलिस, आबकारी और राजस्व विभाग के अधिकारी-कर्मचारी शामिल रहे।
शराब की सप्लाई कहां से हो रही थी? जांच जारी
प्रशासन अब इस बात की जांच कर रहा है कि ढाबों तक शराब कहां से पहुंच रही थी और इसके पीछे कौन लोग शामिल हैं। अधिकारियों के अनुसार, संचालकों से पूछताछ के आधार पर शराब की सप्लाई से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी जांच के दायरे में आ सकती है। मामले में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे कार्रवाई की जाएगी।




