छिंदवाड़ा में लोकायुक्त की बड़ी कार्रवाई, वन विभाग SDO के ठिकानों पर मारा छापा, आय से अधिक संपत्ति का मामला
छिंदवाड़ा में लोकायुक्त ने वन विभाग के SDO संजू कुमार शर्मा के छिंदवाड़ा और पचमढ़ी स्थित ठिकानों पर एक साथ छापा मारा।


Chhindwara News: मध्यप्रदेश के छिंदवाड़ा में शनिवार सुबह लोकायुक्त ने वन विभाग के एसडीओ संजू कुमार शर्मा के ठिकानों पर बड़ी कार्रवाई की। भोपाल से पहुंची लोकायुक्त की टीम ने आय से अधिक संपत्ति के मामले में शहर की प्रोफेसर कॉलोनी स्थित उनके आवास पर छापा मारा। इसके साथ ही पचमढ़ी में भी एक अन्य टीम ने तलाशी शुरू की। दोनों जगहों पर अधिकारी संपत्ति से जुड़े दस्तावेज और वित्तीय रिकॉर्ड की जांच कर रहे हैं।
छिंदवाड़ा और पचमढ़ी में एक साथ कार्रवाई
जानकारी के मुताबिक, संजू कुमार शर्मा वर्तमान में पचमढ़ी में वन विभाग के एसडीओ के पद पर पदस्थ हैं। लोकायुक्त को उनके खिलाफ आय के ज्ञात स्रोतों से अधिक संपत्ति अर्जित करने की शिकायत मिली थी। इसके बाद मामले में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई। न्यायालय से अनुमति मिलने के बाद शनिवार को दो अलग-अलग टीमों ने छिंदवाड़ा और पचमढ़ी स्थित उनके ठिकानों पर एक साथ दबिश दी।
दस्तावेज, बैंक खाते और निवेश की जांच
लोकायुक्त की टीमें आवासों में मौजूद संपत्ति से जुड़े दस्तावेज, बैंक खातों, निवेश और अन्य वित्तीय लेन-देन के रिकॉर्ड की जांच कर रही हैं। अधिकारियों का उद्देश्य सेवा अवधि के दौरान अर्जित संपत्ति का आकलन करना और उसकी तुलना आय के ज्ञात स्रोतों से करना है।
जांच पूरी होने के बाद सामने आएगा संपत्ति का ब्योरा
फिलहाल लोकायुक्त की कार्रवाई जारी है। छापेमारी में कितनी संपत्ति, नकदी या अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज मिले हैं, इसकी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। तलाशी और दस्तावेजों के आकलन के बाद ही कुल संपत्ति का ब्योरा स्पष्ट हो सकेगा।


