भगवान बिरसा मुंडा जयंती: जबलपुर में CM मोहन यादव ने जनजातीय गौरव सप्ताह समारोह का किया शुभारंभ
भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर CM मोहन यादव ने जबलपुर से जनजातीय गौरव सप्ताह का शुभारंभ किया। सीएम मोहन यादव ने 133.05 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात दी और छिंदवाड़ा, डिंडोरी व बालाघाट में 85 करोड़ से सांदीपनि विद्यालय बनाने की घोषणा की।


मध्यप्रदेश में भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शनिवार को जबलपुर से जनजातीय गौरव सप्ताह का शुभारंभ किया। गैरिसन ग्राउंड में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने भगवान बिरसा मुंडा को नमन करते हुए कहा कि उनका बलिदान, संघर्ष और आदर्श सदियों तक देशवासियों को प्रेरित करते रहेंगे। उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने कम उम्र में ही स्वदेश, स्वधर्म, स्वाभिमान और समाज में अनुशासन का महत्व समझाया। उनके विचार आज भी जनजातीय समाज के साथ पूरे देश के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
जबलपुर को 133.05 करोड़ रुपए के विकास कार्यों की सौगात
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने जबलपुर को 133.05 करोड़ रुपए के विकास कार्यों की सौगात दी। इनमें विभिन्न परियोजनाओं का लोकार्पण और भूमिपूजन शामिल है। इसके साथ ही जनजातीय समाज की प्रतिभाओं और समाजसेवियों को सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री ने अलग-अलग कल्याणकारी योजनाओं के हितग्राहियों को हितलाभ भी वितरित किए। राज्य सरकार की ओर से जनजातीय नायकों के सम्मान और नई पीढ़ी को उनके गौरवशाली इतिहास से परिचित कराने के लिए प्रदेशभर में सप्ताहभर आयोजन किए जाएंगे।
‘स्वाभिमान से बड़ा कोई धन नहीं, संस्कृति से बड़ा कोई गहना नहीं’
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भगवान बिरसा मुंडा के जीवन और संघर्ष को याद करते हुए कहा कि उन्होंने अपनी पहचान, संस्कृति और अधिकारों की रक्षा के लिए समाज को जागरूक और संगठित होने का संदेश दिया था। उन्होंने अंग्रेजी शासन के खिलाफ आंदोलन चलाकर अन्याय और शोषण का विरोध किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा को जितने सम्मान और अलंकरण दिए जाएं, वे कम हैं। उन्होंने महज 25 वर्ष की उम्र में ऐसा संघर्ष किया, जिसकी मिसाल आज भी दी जाती है। उनका बलिदान केवल जनजातीय समाज के लिए नहीं, बल्कि पूरे देश के स्वाभिमान और स्वतंत्रता की भावना के लिए था।
उन्होंने कहा कि जनजातीय नायकों ने भारत की प्राचीन संस्कृति, परंपराओं और विरासत को बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। रानी दुर्गावती, राजा शंकर शाह, रघुनाथ शाह, टंट्या मामा, भीमा नायक और बादल भोई जैसे वीरों का योगदान देश के इतिहास में हमेशा याद रखा जाएगा।
जनजातीय नायकों के सम्मान में सरकार ने किए कई फैसले
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार जनजातीय महापुरुषों के योगदान और उनके आदर्शों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए लगातार काम कर रही है। जबलपुर में राजा शंकर शाह और रघुनाथ शाह के नाम पर मेडिकल कॉलेज की स्थापना की जा रही है। खरगोन में क्रांतिसूर्य टंट्या मामा के नाम पर विश्वविद्यालय खोला गया है।
उन्होंने बताया कि सतपुड़ा टाइगर रिजर्व का नाम राजा भभूत सिंह के नाम पर रखा गया है। वहीं, रानी दुर्गावती के सम्मान में भी प्रदेश सरकार ने कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन प्रयासों का उद्देश्य जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास को पहचान दिलाना और युवाओं में राष्ट्रभक्ति, साहस तथा आत्मसम्मान की भावना मजबूत करना है।
छिंदवाड़ा, डिंडोरी और बालाघाट में 85 करोड़ से बनेंगे सांदीपनि विद्यालय
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने शिक्षा के क्षेत्र में भी बड़ी घोषणाएं कीं। उन्होंने बताया कि छिंदवाड़ा, डिंडोरी और बालाघाट में करीब 85 करोड़ रुपए की लागत से सांदीपनि विद्यालय बनाए जाएंगे। इन विद्यालयों में विद्यार्थियों को आधुनिक सुविधाओं के साथ बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराने का लक्ष्य है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जनजातीय क्षेत्रों के बच्चे भी अच्छी शिक्षा प्राप्त कर प्रदेश और देश के विकास में अपनी भूमिका निभाएं, इसके लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है। इसके अलावा डिंडोरी में आयुर्वेदिक महाविद्यालय और मंडला में मेडिकल कॉलेज का निर्माण किया जा रहा है। जबलपुर में भी छात्रावास और विद्यालय से जुड़ी परियोजनाओं के माध्यम से विद्यार्थियों को सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
जनजातीय क्षेत्रों के विकास पर सरकार का फोकस
मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश में बड़ी संख्या में जनजातीय समुदाय निवास करता है। ऐसे में इन क्षेत्रों का समग्र विकास सरकार की प्राथमिकता है। विशेष रूप से चिह्नित जनजातीय क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य, परिवहन और रोजगार से जुड़ी सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जनजातीय क्षेत्रों में मुख्यमंत्री सुगम परिवहन बस सेवा का लाभ भी पहुंचाया जाएगा। किसानों की आय बढ़ाने के लिए गोपालन और पशुपालन को प्रोत्साहित किया जा रहा है। वहीं, मोटे अनाज यानी श्रीअन्न की खेती को बढ़ावा देने के लिए रानी दुर्गावती श्रीअन्न योजना शुरू की गई है।
मुख्यमंत्री ने पीएम जनमन योजना और धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान का जिक्र करते हुए कहा कि इनके माध्यम से जनजातीय क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं और विकास कार्यों को गति मिल रही है।
जनजातीय प्रतिभाओं और समाजसेवियों का किया सम्मान
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने अलग-अलग क्षेत्रों में उपलब्धियां हासिल करने वाले जनजातीय समाज के लोगों को सम्मानित किया। इनमें शिक्षा, खेल, कला, साहित्य, जल संरक्षण और सामाजिक सेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट काम करने वाली प्रतिभाएं शामिल रहीं।
सम्मानित होने वालों में 10वीं बोर्ड परीक्षा में प्रदेश में आठवां स्थान हासिल करने वाली पूजा धुर्वे, अंतरराष्ट्रीय पैरा एथलीट जमना उइके, दिव्यांग होने के बावजूद पैर से लिखने वाली द्रोपदी धुर्वे और वॉलीबॉल में गोल्ड मेडल जीतने वाले हिमांशु परते शामिल हैं।
इसके अलावा जल संरक्षण के क्षेत्र में काम करने वाली उजियारो बाई, कलाकार पूर्णिमा पुसरे, पीएचडी स्कॉलर राम किशोर सिरसाम और गोंडवाना लोक साहित्य के साहित्यकार डॉ. टीआर बरकड़े को भी सम्मानित किया गया।
पारंपरिक वेशभूषा में नजर आए मुख्यमंत्री, बजाया ढोल
समारोह में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जनजातीय परिधान में नजर आए। उन्हें पारंपरिक साफा बांधकर और तीर-कमान भेंटकर सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री ने पारंपरिक ढोल भी बजाया और जनजातीय लोककला, संस्कृति तथा परंपराओं के प्रति सम्मान व्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि जनजातीय गौरव सप्ताह के माध्यम से प्रदेश की नई पीढ़ी को उन नायकों के संघर्ष और बलिदान से परिचित कराया जाएगा, जिन्होंने देश की संस्कृति, स्वाभिमान और अधिकारों की रक्षा के लिए अपना जीवन समर्पित किया।
कार्यक्रम में केंद्रीय राज्यमंत्री संपतिया उइके, जनजातीय कार्य मंत्री कुंवर विजय शाह, जबलपुर सांसद आशीष दुबे सहित कई जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में जनजातीय समाज के लोग मौजूद रहे।






