SBI बैंक में टिफिन कम आने पर भड़का गार्ड; कर दी फायरिंग, पुलिस हिरासत में आरोपी
नरसिंहपुर में SBI की ACB शाखा में टिफिन को लेकर विवाद इस कदर बढ़ा कि गार्ड ने अपनी बंदूक से फायरिंग कर दी।

SBI Bank Firing: नरसिंहपुर में SBI बैंक की ACB शाखा में टिफिन को लेकर हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि बैंक के गार्ड ने अपनी बंदूक से फायरिंग कर दी। गनीमत रही कि गोली किसी को नहीं लगी। फायरिंग की आवाज सुनते ही बैंक परिसर और आसपास मौजूद लोगों में अफरातफरी मच गई। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी गार्ड को हिरासत में लेकर उसकी बंदूक जब्त कर ली है।
टिफिन कम आने पर शुरू हुआ विवाद
जानकारी के मुताबिक, बैंक में फर्नीचर का काम चल रहा था और वहां मौजूद मजदूरों के लिए टिफिन मंगवाए गए थे। इसी दौरान टिफिन सेंटर संचालक और बैंक के गार्ड राजकुमार के बीच एक टिफिन कम आने को लेकर विवाद हो गया। बहस बढ़ने के बाद गार्ड राजकुमार ने अपनी बंदूक निकालकर फायरिंग कर दी। अचानक गोली चलने से मौके पर मौजूद लोग घबरा गए और जान बचाने के लिए इधर-उधर छिपने लगे।
पुलिस हिरासत में गार्ड
फायरिंग की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। और आरोपी गार्ड को हिरासत में लेकर उसकी बंदूक जब्त कर ली है। पुलिस ने फायरिंग की वजह और पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी है। पुलिस मौके पर मौजूद लोगों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि विवाद किस तरह बढ़ा और फायरिंग किस परिस्थिति में हुई।





