जबलपुर में लव जिहाद मामला: नाम छिपाकर दोस्ती फिर धर्म बदलने का दबाव, महिला बोली- गोमांस खाने को कहा, FIR दर्ज
जबलपुर में महिला ने युवक पर नाम और धर्म छिपाकर दोस्ती करने, शारीरिक संबंध बनाने और बाद में इस्लाम कबूलने का दबाव डालने का आरोप लगाया है।

Jabalpur News: मध्य प्रदेश के जबलपुर में एक महिला ने युवक पर अपनी पहचान और धर्म छिपाकर उससे दोस्ती करने और बाद में धर्म परिवर्तन का दबाव बनाने का आरोप लगाया है। महिला का दावा है कि युवक ने पहले खुद को हिंदू बताकर उससे नजदीकियां बढ़ाईं और शारीरिक संबंध बनाए। बाद में अपनी असली पहचान बताकर उस पर इस्लाम कबूलने और गोमांस खाने का दबाव बनाया। महिला की शिकायत पर गोहलपुर पुलिस ने जहांगीर उस्मानी के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
महिला ने युवक के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई
जानकारी के मुताबिक, गोहलपुर क्षेत्र की रहने वाली महिला हिंदू धर्मसेना के कार्यकर्ताओं के साथ थाने पहुंची और युवक के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। महिला ने पुलिस को बताया कि कुछ समय पहले उसकी मुलाकात जहांगीर से हुई थी। आरोप है कि युवक ने शुरुआत में अपनी पहचान छिपाई और खुद को हिंदू बताया।
महिला के मुताबिक, इसके बाद दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई और धीरे-धीरे नजदीकियां बढ़ गईं। उसने आरोप लगाया कि युवक ने इसी दौरान उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। कुछ समय बाद उसे युवक की वास्तविक पहचान और उसके मुस्लिम होने की जानकारी मिली।
धर्म परिवर्तन और गोमांस खाने का दबाव बनाने का आरोप
महिला का आरोप है कि युवक की असली पहचान सामने आने के बाद उसका व्यवहार बदल गया। वह उस पर हिंदू धर्म छोड़कर इस्लाम कबूलने का दबाव बनाने लगा। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि युवक ने उसे गोमांस खाने के लिए कहा।
शिकायत के अनुसार, महिला ने जब इन बातों को मानने से इनकार किया तो युवक उसे परेशान करने लगा। इसके बाद उसने पुलिस से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की।
धार्मिक स्वतंत्रता अधिनियम के तहत केस दर्ज
गोहलपुर थाना प्रभारी रितेश पांडे के मुताबिक, महिला के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि युवक ने कथित तौर पर किस तरह अपनी पहचान छिपाई और महिला पर धर्म परिवर्तन का दबाव बनाया।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर मध्य प्रदेश धार्मिक स्वतंत्रता अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। मामले की जांच जारी है। पुलिस जांच और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी।







