नरसिंहपुर में गियरबॉक्स फेल होने से पोल से टकराया ट्रक, टला बड़ा हादसा; एक्सीलेंस स्कूल से टीकमगढ़ के लिए हो रहा था रवाना
नरसिंहपुर में एक्सीलेंस स्कूल से निकलते समय ट्रक का गियरबॉक्स फेल हो गया। अनियंत्रित ट्रक बिजली के पोल से टकराया, कम रफ्तार से बड़ा हादसा टला।

Narsinghpur News: मध्यप्रदेश के नरसिंहपुर में सोमवार रात एक ट्रक हादसे का शिकार हो गया। एक्सीलेंस स्कूल से सामग्री खाली कर निकलते समय ट्रक का अचानक गियरबॉक्स फेल हो गया। इससे अनियंत्रित हुआ ट्रक सड़क किनारे लगे बिजली के पोल से टकरा गया। हादसा रात करीब 9:30 बजे हुआ। गनीमत रही कि ट्रक की रफ्तार कम थी, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
मुंबई से सामग्री लेकर पहुंचा था ट्रक
जानकारी के मुताबिक, ट्रक क्रमांक MP 09 HH 9026 मुंबई से सामग्री लेकर नरसिंहपुर पहुंचा था। यहां एक्सीलेंस स्कूल में सामग्री खाली करने के बाद ट्रक को टीकमगढ़ रवाना होना था। वहां भी पार्सल खाली किया जाना था।
चालक बब्लू ने बताया कि स्कूल से निकलते समय ट्रक से अचानक तेज आवाज आई। इसी दौरान उसका गियरबॉक्स फेल हो गया और वाहन अनियंत्रित होकर सामने लगे बिजली के पोल से जा टकराया। चालक के अनुसार, ट्रक की गति कम होने के कारण बड़ा नुकसान होने से बच गया।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस
हादसे की सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। मुख्य मार्ग पर ट्रक के खड़े होने से उसे हटाने की व्यवस्था की जा रही थी। इसके लिए क्रेन बुलाने या मौके पर ही ट्रक की मरम्मत कराने की तैयारी की गई। हादसे के दौरान किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।





