बालाघाट के ‘मुन्ना भाई’ पर बड़ी कार्रवाई! फर्जी निकली पूर्व BMO की MBBS डिग्री, FIR दर्ज
मध्य प्रदेश के बालाघाट में पूर्व BMO सुनील कुमार सिंह पर फर्जी MBBS डिग्री से सरकारी नौकरी करने के आरोप में FIR दर्ज हुई है। जानिए पूरा मामला।

Fake MBBS Degree: बालाघाट जिले के बिरसा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में एक ही MBBS डिग्री नंबर पर दो अलग-अलग डॉक्टरों द्वारा सरकारी नौकरी करने के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तत्कालीन ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर (BMO) सुनील कुमार सिंह के खिलाफ धोखाधड़ी और कूटचित दस्तावेजों के आधार पर एफआईआर दर्ज की है। आरोपी करीब 17 वर्षों से किसी अन्य असली डॉक्टर की डिग्री का इस्तेमाल करके फर्जी तरीके से सरकारी नौकरी हथियाए बैठा था और मरीजों का इलाज भी कर रहा था।
फर्जी बीएमओं के खिलाफ एफआईआर दर्ज
मामला सामने आने के बाद तत्कालीन बीएमओ डॉ. सुनील सिंह खिलाफ मध्य प्रदेश शासन ने 9 अक्टूबर र को एफआईआर दर्ज करने के आदेश दिए। बिरसा पुलिस ने आरोपी तत्कालीन बीएमओ डॉ. सुनील सिंह के खिलाफ एफआईआर दर्ज करते हुए फर्जी दस्तावेजों के सहारे नौकरी हथियाने के आरोप में केस किया है। स्वास्थ्य विभाग के सीएमएचओ शत्रुघन दाहिया से मिली जानकारी अनुसार, वर्ष 2009 में बालाघाट में डॉ. के रूप में इनकी पहली संविदा भर्ती हुई थी। जिसके बाद वर्ष 2012 में यह रेग्युलर हो गए। 2020 में इन्हें बीएमओ का प्रभार मिला।
17 साल की सरकारी सेवा पर भी गंभीर सवाल
जानकारी के मुताबिक एक ही जानकारी का इस्तेमाल कर दो डॉक्टर सरकारी अस्पतालों में सेवाएं दे रहे थे। पिछले पांच महीनों से इस मामले में जांच चल रही थी। अब जब आरोपी की डिग्री फर्जी निकली है तो करीब 17 साल की सरकारी सेवा पर भी गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।




