मायके में रह रही पत्नी ने साथ चलने से किया इंकार, बीयर की बोतल लेकर पानी की टंकी पर चढ़ गया पति, फिर ऐसे आया नीचे
बालाघाट के बिरसा में पत्नी के मायके से साथ चलने से इनकार करने पर युवक बीयर की बोतल लेकर पानी की टंकी पर चढ़ गया।

Balaghat News: मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले के बिरसा में मायके में रह रही पत्नी को साथ घर ले जाने की जिद पर एक युवक नशे में पानी की टंकी पर चढ़ गया। युवक बीयर की बोतल लेकर टंकी की रेलिंग पर खड़ा हो गया और पत्नी को मौके पर बुलाने की मांग करने लगा। उसे टंकी पर चढ़ा देखकर आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों की मदद से युवक को सुरक्षित नीचे उतार लिया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
6 महीने से मायके में रह रही थी पत्नी
पुलिस के मुताबिक, युवक की पहचान रूपझर थाना क्षेत्र के जामटोला निवासी दीपेंद्र मेरावी (25), पिता खेलसिंह के रूप में हुई है। दीपेंद्र की शादी साल 2021 में बिरसा के दरबारी टोला निवासी प्रीति तेकाम से हुई थी। पिछले करीब 6 महीने से प्रीति अपने मायके में रह रही है। बुधवार को दीपेंद्र उसे लेने के लिए ससुराल पहुंचा था, लेकिन प्रीति ने उसके साथ जाने से इनकार कर दिया।
पत्नी के मना करने के बाद दीपेंद्र बीयर की बोतल लेकर पानी की टंकी पर चढ़ गया। वह रेलिंग पर खड़े होकर पत्नी को बुलाने और उसे अपने साथ ले जाने की जिद करने लगा।
पुलिसकर्मी ने पीछे से पकड़कर नीचे उतारा
युवक को टंकी पर देखकर मौके पर लोगों की भीड़ लग गई। सूचना मिलने पर बिरसा पुलिस भी पहुंच गई। पुलिसकर्मियों ने दीपेंद्र को समझाकर नीचे उतरने के लिए कहा, लेकिन वह अपनी जिद पर अड़ा रहा।
इसी दौरान एक पुलिसकर्मी टंकी पर चढ़ा और पीछे से दीपेंद्र को पकड़ लिया। इसके बाद पुलिस और मौके पर मौजूद लोगों की मदद से उसे सुरक्षित नीचे उतार लिया गया।
परिजनों को बुलाकर दी समझाइश
बिरसा थाना प्रभारी विजय केन ने बताया कि युवक के परिजनों को मौके पर बुलाया गया था। पुलिस ने परिजनों को समझाइश दी, जिसके बाद युवक को छोड़ दिया गया।



