नागपुर में 3.74 करोड़ की लूट का बालाघाट कनेक्शन, खेत के भूसे में दबी मिलीं नोटों से भरी तीन बोरियां
नागपुर की 3.74 करोड़ रुपए की सनसनीखेज लूट का राज बालाघाट के एक खेत में खुला है।


Balaghat News: महाराष्ट्र के नागपुर में करोड़ों रुपए की लूट के मामले में जांच की कड़ी मध्यप्रदेश के बालाघाट जिले तक पहुंच गई है। मंगलवार सुबह नागपुर क्राइम ब्रांच की टीम एक आरोपी को लेकर डोरली गांव पहुंची। उसकी निशानदेही पर खेत से तीन बोरियों में रखी नकदी बरामद की गई। शुरुआती जानकारी में बरामद रकम 4 करोड़ रुपए से अधिक बताई जा रही है। फिलहाल ग्राम पंचायत डोरली में नोटों की गिनती की जा रही है।
जीजा के खेत में छिपाई थी नकदी
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, आरोपी शुभम ने करीब चार दिन पहले नकदी को अपने जीजा अरविंद डहरवाल के खेत में छिपाया था। बताया जा रहा है कि अरविंद ने भी रकम रखने के लिए खेत में जगह उपलब्ध कराने में मदद की थी। मंगलवार को नागपुर से आई टीम ने आरोपी की निशानदेही पर तलाशी ली और तीनों बोरियां बरामद कर लीं।
डोरली पंचायत में चल रही नोटों की गिनती
नकदी बरामद होने के बाद उसे ग्राम पंचायत डोरली में रखा गया है। यहां नागपुर क्राइम ब्रांच की टीम नोटों की गिनती कर रही है। बरामद रकम को लेकर शुरुआती आंकड़ा 4 करोड़ रुपए से अधिक का सामने आया है, हालांकि अंतिम राशि की पुष्टि गिनती पूरी होने के बाद ही होगी।
लूट की मूल रकम 3.74 करोड़ रुपए बताई गई थी। बरामद राशि इससे अधिक होने की जानकारी के बाद पुलिस अन्य संभावित वारदातों के एंगल से भी जांच कर रही है।
18 नवंबर की रात नागपुर में हुई थी लूट
मामला 18 नवंबर की रात का है। नागपुर के तुलसी नगर इलाके में हथियारबंद बदमाशों ने व्यापारी सुरेश परमार के कर्मचारियों से नकदी से भरी कार लूट ली थी। कार में करीब 3.74 करोड़ रुपए रखे हुए थे। वारदात के बाद बदमाश कार को कामठी रोड के खैरी इलाके में छोड़कर फरार हो गए थे।
घटना के बाद से नागपुर पुलिस लूट में शामिल आरोपियों और नकदी की तलाश कर रही थी। जांच के दौरान सामने आए सुरागों के आधार पर टीम बालाघाट के डोरली गांव पहुंची, जहां से रकम बरामद की गई।
आरोपी के जीजा की गिरफ्तारी की चर्चा
मामले में शुभम के जीजा अरविंद डहरवाल को भी गिरफ्तार किए जाने की चर्चा है। हालांकि, वारासिवनी पुलिस ने इस संबंध में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। वहीं, नागपुर क्राइम ब्रांच की टीम ने भी फिलहाल इस संबंध में कोई भी जानकारी देने से इनकार कर दिया है।





