बालाघाट: सड़क हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस पर हमला, 20 से ज्यादा लोगों ने की मारपीट; तीन पुलिसकर्मी घायल
बालाघाट में सड़क हादसे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस टीम पर 20 से 25 लोगों ने हमला कर दिया। जिसमें तीन पुलिसकर्मी घायल हुए।


Balaghat News: मध्य प्रदेश के बालाघाट में सड़क हादसे की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस टीम पर भीड़ ने हमला कर दिया। मंगलवार रात बिरसा थाना क्षेत्र के अचानकपुर और कचनारी के बीच हुई इस घटना में तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए। बताया जा रहा है कि 20 से 25 लोगों ने नशे की हालत में पुलिसकर्मियों और विशेष सहयोगी दस्ते के दो युवकों के साथ मारपीट की। सभी घायलों को उपचार के लिए बिरसा अस्पताल पहुंचाया गया है। पुलिस अब हमलावरों की पहचान कर उनकी तलाश में जुटी है।
सड़क पर खड़े ट्रक से टकराई बाइक, युवक की मौत
पुलिस के मुताबिक, छत्तीसगढ़ के सालेवाड़ा निवासी 26 वर्षीय ठुमेन्द्र पिता रामचंद्र अपने बेटे के नामकरण समारोह का निमंत्रण कार्ड देने अचानकपुर आए थे। यहां से वापस लौटते समय अचानकपुर और कचनारी के बीच सड़क पर खड़े ट्रक से उनकी बाइक टकरा गई। हादसा इतना गंभीर था कि बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई।
घटनास्थल के पास ही एक गांव में मंडई-मेला लगा हुआ था। हादसे की जानकारी मिलने पर मेले से कुछ लोग मौके पर पहुंच गए। रात करीब 9:30 बजे सालेटेकरी पुलिस चौकी को दुर्घटना की सूचना मिली। इसके बाद पुलिसकर्मी घटनास्थल पर पहुंचे।
ट्रक के क्लीनर को बचाया तो पुलिस से भिड़ गए लोग
मौके पर पहुंची पुलिस ने देखा कि कुछ लोग ट्रक के क्लीनर के साथ मारपीट कर रहे हैं। पुलिसकर्मियों ने बीच-बचाव कर क्लीनर को भीड़ से छुड़ाया और इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया। इसके बाद पुलिस मृतक के शव को उठाने की तैयारी कर रही थी।
इसी दौरान वहां मौजूद लोग ट्रक चालक को मौके पर बुलाने की मांग करने लगे। इसी बात को लेकर पुलिस और लोगों के बीच बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और भीड़ ने पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया।
20 से 25 लोगों ने पुलिसकर्मियों को पीटा
पुलिस के अनुसार, करीब 20 से 25 लोगों ने आरक्षक तोमेश कुमार बघेले और विशेष सहयोगी दस्ते के संदीप मेरावी व पीयूष रनकुहे के साथ हाथ-मुक्कों से मारपीट की। हमले में तीनों घायल हो गए। आरक्षक तोमेश की गर्दन सहित शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आई हैं। घटना के बाद घायलों को बिरसा अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। घायल आरक्षक का मेडिकल परीक्षण भी कराया गया है।
हमलावरों की पहचान में जुटी पुलिस
एसडीओपी चंद्रशेखर पांडेय ने बताया कि पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट करने वालों की पहचान की जा रही है। मामले में केस दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।





