सावधान! उफान पर नर्मदा, इन जिलों में जारी किया गया अलर्ट
जबलपुर में लगातार बारिश और जलस्तर बढ़ने के कारण बरगी डैम के 5 गेट दोबारा खोले गए हैं।
जबलपुर जिले में औसत से कम बारिश के बावजूद मंडला, डिंडौरी और अमरकंटक क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश से बरगी डैम एक बार फिर लबालब हो गया है। बुधवार को बांध का जलस्तर 422.35 मीटर और जलभराव 97.18 प्रतिशत पहुंच गया। पानी की लगातार आवक को देखते हुए गुरुवार सुबह 11 बजे बांध के पांच गेट लगभग 1.50 तक खोले गए। इनसे करीब 1130 क्यूमेक पानी छोड़ा जा रहा है।
नर्मदा नदी का बढ़ रहा था जलस्तर
जबलपुर सहित बरगी डैम के केचमेंट एरिया में हो रही लगातार बारिश से नर्मदा नदी का जलस्तर बढ़ रहा था। गेट खोलने से पहले बरगी बांध प्रबंधन और जिला प्रशासन ने नर्मदा घाटों के आसपास अलर्ट जारी किया है। प्रबंधन के मुताबिक गेट खुलने के बाद नर्मदा के घाटों पर जल स्तर में लगभग 5 से 6 फीट वृद्धि होगी।
पहले 13 गेट खोले गए थे
इससे पहले भी पानी की आवक बढ़ने पर बरगी डैम प्रबंधन ने 13 गेट खोले थे। हालांकि, बाद में डैम में पानी की आवक कम होने के बाद सभी गेट बंद कर दिए गए थे। अब दोबारा जलस्तर बढ़ने और पानी की आवक बढ़ने पर 5 गेट खोलकर पानी की निकासी शुरू की गई है।
प्रशासन ने जारी किया अलर्ट
बरगी डैम से पानी छोड़े जाने के बाद नर्मदा नदी के घाटों पर जलस्तर बढ़ने की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने अलर्ट जारी किया है। लोगों से नदी और घाटों के आसपास सावधानी बरतने तथा जलस्तर बढ़ने की स्थिति में नदी के नजदीक नहीं जाने की अपील की गई है।


