गैस सिलेंडर का फटा रेगुलेटर: किसान के घर में लगी आग, सामान जलकर खाक; आर्थिक तंगी में परिवार ने लगाई मदद की गुहार
छिंदवाड़ा के हीराबाड़ी गांव में गैस सिलेंडर का रेगुलेटर फटने सेघर में आग लग गई।
Chhindwara News: मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले की उमरेठ तहसील के हीराबाड़ी गांव में गैस सिलेंडर का रेगुलेटर फटने से मकान में आग लग गई। हादसे में घर का पूरा गृहस्थी का सामान जलकर खाक हो गया। आग बुझाने की कोशिश में किसान शोभाराम पिता कलीचंद (36) भी झुलस गया। घटना के बाद आर्थिक तंगी से जूझ रहे परिवार के सामने रहने और भोजन बनाने तक का संकट खड़ा हो गया है।
आग बुझाने की कोशिश में झुलसा किसान
शोभाराम के घर में गैस सिलेंडर के रेगुलेटर फटने से आग लग गई। देखते ही देखते आग ने घर के सामान को अपनी चपेट में ले लिया। आग बुझाने की कोशिश के दौरान शोभाराम भी झुलस गया।
घटना की सूचना मिलने पर दमकल वाहन मौके पर पहुंचा और आग पर काबू पाया गया। उमरेठ पुलिस, राजस्व पटवारी और ग्राम पंचायत के रोजगार सहायक ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।
परिवार के सामने संकट
आग में घर का गृहस्थी का सामान जलने से परिवार को बड़ा नुकसान हुआ है। बताया जा रहा है कि परिवार पहले से ही आर्थिक तंगी का सामना कर रहा था। हादसे के बाद रोजमर्रा की जरूरतों का सामान भी नहीं बचा, जिससे परिवार के सामने रहने, सोने और खाना बनाने जैसी बुनियादी जरूरतों को पूरा करने की समस्या खड़ी हो गई है।
अचानक आई इस मुसीबत के बाद पीड़ित परिवार को घर-गृहस्थी दोबारा शुरू करने के लिए मदद की जरूरत है।
शासन-प्रशासन से आर्थिक सहायता की गुहार
पीड़ित परिवार ने शासन-प्रशासन से आर्थिक सहायता देने की अपील की है, ताकि आग में नष्ट हुए सामान की भरपाई कर दोबारा सामान्य जीवन शुरू किया जा सके।
घटना के बाद संबंधित अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। हालांकि, परिवार को कितनी आर्थिक सहायता मिलेगी, इस बारे में फिलहाल कोई जानकारी सामने नहीं आई है।
जांच के बाद स्पष्ट होगा आग लगने का कारण
जानकारी के मुताबिक, गैस सिलेंडर के रेगुलेटर में खराबी को आग लगने की वजह बताया जा रहा है। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
फिलहाल हादसे में हुए नुकसान के बाद पीड़ित परिवार को राहत और सहायता मिलने का इंतजार है।



