पुलिस स्मृति दिवस पर CM मोहन यादव ने शहीद जवानों को किया नमन, परिवारों को मिलने वाली आर्थिक मदद पर बोली ये बड़ी बात
भोपाल में पुलिस स्मृति दिवस पर CM मोहन यादव ने बताया कि शहीद पुलिसकर्मियों की सहायता राशि का आधा हिस्सा पत्नी और आधा बुजुर्ग माता-पिता को मिलेगा।

मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में पुलिस स्मृति दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शहीद जवानों को नमन किया। लाल परेड मैदान में उन्होंने शहीद स्मारक पर फूल चढ़ाकर देश के लिए अपनी जान देने वाले पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि दी।
नौ शहीद पुलिसकर्मियों को किया याद
इस राज्य स्तरीय कार्यक्रम में नौ शहीद पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि दी गई। पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाणा और अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे। आयोजन के दौरान जिला पुलिस बल, महिला प्लाटून, अश्वारोही दल और श्वान दल ने परेड में भाग लिया।
सहायता राशि का होगा 50-50 प्रतिशत बंटवारा
शहीद पुलिसकर्मियों के परिवारों को मिलने वाली आर्थिक मदद के बारे में मुख्यमंत्री ने महत्वपूर्ण जानकारी दी। एक करोड़ रुपये की सहायता राशि में से आधी रकम शहीद की पत्नी को मिलेगी, जबकि शेष आधी राशि उनके बुजुर्ग माता-पिता को दी जाएगी। इस व्यवस्था का उद्देश्य परिवार के दोनों पक्षों को आर्थिक सहारा देना है।
लोकतंत्र की रक्षा में पुलिस की अहम भूमिका
सीएम ने कहा कि पुलिस देश की सुरक्षा, अखंडता और लोकतंत्र को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। कर्तव्य निभाते हुए अपने प्राण गंवाने वाले जवानों का बलिदान देश कभी नहीं भूलेगा। उन्होंने पुलिसकर्मियों के साहस और समर्पण को देश की सुरक्षा का महत्वपूर्ण आधार बताया।
मध्यप्रदेश में नक्सलवाद पर भी बोले मुख्यमंत्री
नक्सलवाद के खिलाफ मिली सफलता का जिक्र करते हुए डॉ. मोहन यादव ने पुलिस बल की सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रदेश का नक्सलवाद के पुराने दौर से बाहर निकलना गर्व की बात है। इसमें बहादुर जवानों के साहस और मेहनत का बड़ा योगदान रहा है।
भर्ती और नई सुविधाओं से मजबूत होगा पुलिस बल
सरकार पुलिसकर्मियों की भर्ती, पदोन्नति और सुविधाओं को बेहतर बनाने पर जोर दे रही है। पुलिस बैंड और होमगार्ड में नई भर्तियों के माध्यम से युवाओं को अवसर देने की पहल का भी उल्लेख किया गया। इसके साथ ही आधुनिक कानूनों को सही तरीके से लागू करने की जरूरत बताई गई।
1959 के बलिदान से जुड़ा है यह दिन
हर साल 21 अक्टूबर को पुलिस स्मृति दिवस मनाया जाता है। वर्ष 1959 में लद्दाख के हॉट स्प्रिंग्स क्षेत्र में चीनी सैनिकों के हमले में शहीद हुए 10 पुलिसकर्मियों की याद में यह दिवस मनाया जाता है।

.jpg&w=3840&q=75)


