नशामुक्त समाज बनाने की पहल में निकले 5 राज्यों के 150 पुलिसकर्मी; जबलपुर में हुआ स्वागत, स्टैच्यू ऑफ यूनिटी पर होगा समापन
जबलपुर में नशामुक्ति का संदेश लेकर पहुंची राष्ट्रीय बाइक रैली में पांच राज्यों के करीब 150 पुलिसकर्मी शामिल हुए। शहर में रैली के प्रतिभागियों का स्वागत किया गया।

.jpg&w=3840&q=75)
Jabalpur News: नशे की लत का असर केवल एक व्यक्ति तक सीमित नहीं रहता, बल्कि पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करता है। युवाओं को नशे से दूर रखने और स्वस्थ जीवन के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से निकली राष्ट्रीय बाइक रैली मंगलवार को जबलपुर पहुंची। छत्तीसगढ़, ओडिशा, झारखंड, पश्चिम बंगाल और बिहार से आए करीब 150 पुलिसकर्मियों का शहर में स्वागत किया गया। रैली 31 अक्टूबर को गुजरात के स्टैच्यू ऑफ यूनिटी पर समाप्त होगी।
शहर में जगह-जगह हुआ बाइक राइडर्स का स्वागत
राष्ट्रीय बाइक रैली में शामिल पुलिसकर्मियों का जबलपुर पहुंचने पर स्वागत किया गया। रांझी सीएसपी सतीश साहू ने रैली में शामिल प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।
इसके बाद रैली आधारताल तिराहा, रद्दी चौकी और घमापुर चौक होते हुए सामुदायिक भवन पहुंची। यहां पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. आयुष जाखड़ और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मनीष भारद्वाज की मौजूदगी में प्रतिभागियों का सम्मान किया गया।
नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाना उद्देश्य
सीएसपी सतीश साहू ने कहा कि यह रैली सिर्फ सड़कों पर बाइक चलाने का आयोजन नहीं है, बल्कि नशे के खिलाफ जन-जागरूकता फैलाने की पहल है। इसका उद्देश्य स्वस्थ, सुरक्षित और नशामुक्त समाज के निर्माण में लोगों की भागीदारी बढ़ाना है।
उन्होंने कहा कि नशे के कारण युवाओं की ऊर्जा, प्रतिभा और भविष्य प्रभावित होता है। इसका असर उनके परिवारों और पूरे समाज पर भी पड़ता है। उन्होंने लोगों से खुद नशे से दूर रहने और दूसरों को भी नशा छोड़ने के लिए प्रेरित करने की अपील की।
‘नशा छोड़ो, परिवार जोड़ो’ का संदेश
रैली के दौरान ‘नशामुक्त भारत, स्वस्थ भारत’, ‘नशे को ना, जिंदगी को हां’, ‘नशा छोड़ो, परिवार जोड़ो’ और ‘सड़क सुरक्षा अपनाएं, नशे से दूर रहें’ जैसे नारों के जरिए लोगों को जागरूक किया गया।
अभियान में युवाओं को शिक्षा, खेल और सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ने पर जोर दिया गया। साथ ही नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ सामूहिक प्रयास करने का संदेश भी दिया गया।
स्टैच्यू ऑफ यूनिटी पर होगा समापन
राष्ट्रीय एकता दिवस-2026 के अवसर पर आयोजित इस नेशनल मोटरसाइकिल रैली में विभिन्न राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के पुलिस बलों, केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों और सुरक्षा एजेंसियों के प्रतिभागी शामिल हैं। रैली का समापन 31 अक्टूबर को सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर गुजरात स्थित स्टैच्यू ऑफ यूनिटी में होगा।
21 अक्टूबर को भोपाल के लिए रवाना होंगे राइडर्स
जबलपुर पुलिस ने रैली में शामिल सभी राज्यों के पुलिसकर्मियों का स्वागत किया और लोगों से नशामुक्त भारत के निर्माण में योगदान देने की अपील की। कार्यक्रम के अनुसार, बुधवार 21 अक्टूबर को करीब 150 बाइक राइडर्स आधारताल स्थित महात्मा गांधी संस्थान केंद्र से रैली लेकर भोपाल के लिए रवाना होंगे। इस दौरान नशामुक्ति और सड़क सुरक्षा का संदेश आगे बढ़ाया जाएगा।






