‘अब मथुरा में मुस्कुराएंगे गोपाल कृष्ण’, वाराणसी में CM मोहन यादव ने दिया बड़ा बयान
वाराणसी में CM मोहन यादव ने मथुरा में गोपाल कृष्ण के विराजमान होने की बात कही। उन्होंने MP में 10 हजार गायों वाली हाईटेक गौशालाएं बनाने की जानकारी भी दी।

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने वाराणसी में कहा कि जिस तरह भगवान श्रीराम अयोध्या में भव्यता के साथ विराजमान हुए हैं, उसी तरह जल्द भगवान गोपाल कृष्ण भी मथुरा में विराजमान होंगे। मंगलवार को वे अखिल भारतीय गोवर्धन पूजा उत्सव में शामिल होने पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने धार्मिक पर्यटन, कृष्ण से जुड़े तीर्थस्थलों के विकास और गौ-संरक्षण के लिए मध्य प्रदेश सरकार की योजनाओं का उल्लेख किया।
प्रदेश में बनेंगी 10 हजार गायों वाली गौशालाएं
मुख्यमंत्री ने बताया कि मध्य प्रदेश में गोवंश के संरक्षण और संवर्धन पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। पुराने कांजी हाउस की जगह अब ऐसी हाईटेक गौशालाएं शुरू की जा रही हैं, जिनमें 10 हजार गायों की देखभाल की क्षमता होगी। सरकार दूध उत्पादन बढ़ाने के लिए भी योजना बना रही है। इसके साथ पशुपालकों को गौपालन के लिए आर्थिक सहायता दी जा रही है।
भगवान कृष्ण को बताया लोकतंत्र का नायक
मोहन यादव ने भगवान श्रीकृष्ण के जीवन को धर्म और सत्य का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि श्रीकृष्ण ने सत्ता पाने के बजाय धर्म के मार्ग को चुना और अन्याय के खिलाफ संघर्ष किया। मुख्यमंत्री के अनुसार, उनका जीवन लोगों को सच्चाई के लिए लड़ने और मुश्किल परिस्थितियों में भी हिम्मत बनाए रखने की प्रेरणा देता है।
गोवर्धन लीला से प्रकृति संरक्षण का संदेश
वाराणसी के गोवर्धन नाथ मंदिर में दर्शन के बाद मुख्यमंत्री ने मीडिया से चर्चा की। उन्होंने कहा कि भगवान कृष्ण का पांच हजार साल पुराना इतिहास आज भी लोगों को सही रास्ता दिखाता है। गोवर्धन पर्वत उठाकर उन्होंने इंद्र देव के अभिमान को समाप्त किया और प्रकृति से प्रेम करने का संदेश दिया। मुख्यमंत्री ने कर्म आधारित जीवन पद्धति में श्रीकृष्ण को प्रेरणास्रोत बताया।
प्रधानमंत्री के प्रयासों की तारीफ
मुख्यमंत्री ने काशी के गंगा घाटों और धार्मिक स्थलों के विकास कार्यों की सराहना की। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का उल्लेख करते हुए कहा कि वे विदेशी राष्ट्राध्यक्षों को भगवद्गीता भेंट कर भारतीय संस्कृति और आध्यात्मिक परंपरा का परिचय करा रहे हैं। मोहन यादव ने नमो घाट पर गोवर्धन पूजा उत्सव में हिस्सा लिया। कार्यक्रम में पूर्व सांसद डीपी यादव, उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री रविंद्र जायसवाल और दयाशंकर यादव सहित कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।







