कटनी में 45 हजार की रिश्वत लेते रेलवे इंजीनियर गिरफ्तार, कर्मचारियों की नियुक्ति के बदले मांगे थे पैसे; CBI ने की कार्रवाई
कटनी में सीबीआई की जबलपुर टीम ने न्यू कटनी जंक्शन के वरिष्ठ अनुभाग अभियंता अजयवीर सिंह को 45 हजार रुपए की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया।


Railway Engineer Arrested: मध्य प्रदेश के कटनी में सीबीआई ने रेलवे के एक इंजीनियर को 45 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान अजयवीर सिंह के रूप में हुई है, जो न्यू कटनी जंक्शन में वरिष्ठ अनुभाग अभियंता (इलेक्ट्रिक-एम) के पद पर तैनात था। सीबीआई की एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) जबलपुर की टीम ने 5 नवंबर की रात ट्रैप कार्रवाई कर उसे पकड़ा।
जानकारी के मुताबिक, इंजीनियर ने रेलवे में काम करने वाले ठेकेदार के कर्मचारियों की नियुक्ति के बदले प्रति कर्मचारी 1,500 रुपए की मांग की थी। शिकायत मिलने के बाद सीबीआई ने मामले का सत्यापन कराया और रिश्वत लेते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। शुक्रवार, 6 नवंबर को उसे जबलपुर की सीबीआई कोर्ट में पेश किया गया, जहां से 12 नवंबर तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
कर्मचारियों की नियुक्ति के बदले मांगे थे 45 हजार रुपए
जानकारी के मुताबिक, कटनी के श्याम मुखर्जी वार्ड निवासी शशांक कुशवाहा रेलवे में ठेकेदारी का काम करते हैं। उनके कई कर्मचारी रेलवे स्टेशन पर काम करते हैं। शशांक ने सीबीआई को दी शिकायत में बताया कि वरिष्ठ अनुभाग अभियंता अजयवीर सिंह ने कर्मचारियों की नियुक्ति के बदले प्रति कर्मचारी 1,500 रुपए के हिसाब से रिश्वत मांगी थी।
शिकायत के आधार पर सीबीआई ने 4 नवंबर को उपनिरीक्षक आयुष कुमार के जरिए स्वतंत्र गवाह की मौजूदगी में मामले का सत्यापन कराया। इस दौरान 45 हजार रुपए की रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई। इसके बाद 5 नवंबर की रात भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 के तहत मामला दर्ज किया गया।
500 रुपए के 90 नोट लेकर पहुंची टीम
सीबीआई ने आरोपी को पकड़ने के लिए ट्रैप कार्रवाई की तैयारी की। कटनी पुलिस लाइन में स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में कार्रवाई से जुड़ी औपचारिकताएं पूरी की गईं। शिकायतकर्ता के पिता तेजराम कुशवाहा ने 500 रुपए के 90 नोट सीबीआई टीम को उपलब्ध कराए। इनकी कुल कीमत 45 हजार रुपए थी।
इसके बाद टीम ने आरोपी को रिश्वत लेते हुए पकड़ने की योजना बनाई। सीबीआई के मुताबिक, आरोपी ने तेजराम कुशवाहा से 45 हजार रुपए की रकम मांगी और स्वीकार कर ली। तय संकेत मिलते ही टीम ने मौके पर पहुंचकर उसे गिरफ्तार कर लिया। रिश्वत की रकम भी बरामद कर ली गई।
मेडिकल जांच के बाद कोर्ट में किया पेश
गिरफ्तारी के बाद सीबीआई ने आरोपी को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कराई। इसके बाद सरकारी अस्पताल में उसका मेडिकल परीक्षण कराया गया। शुक्रवार को उसे जबलपुर की सीबीआई अदालत में पेश किया गया।
अदालत ने आरोपी अजयवीर सिंह को 12 नवंबर 2026 तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। फिलहाल सीबीआई मामले की आगे की जांच कर रही है। जांच में रिश्वतखोरी से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।





