नरसिंहपुर में बैखोफ बदमाश! तलवार-फरसा लेकर पहुंचे गांव, लोधी समाज के लोगों को जान से मारने की धमकी का आरोप
नरसिंहपुर के पचामा गांव में तलवार और फरसा लेकर पहुंचे लोगों पर ग्रामीणों को धमकाने का आरोप है।

Narsinghpur News: मध्य प्रदेश के नरसिंहपुर जिले के पचामा गांव में हथियार लेकर पहुंचे कुछ लोगों ने जमकर हंगामा किया। आरोप है कि इन लोगों ने तलवार और फरसा लहराते हुए ग्रामीणों के साथ गाली-गलौज की और उन्हें जान से मारने की धमकी दी। घटना का वीडियो सामने आने के बाद गांव में दहशत का माहौल है।
लोधी समाज के लोगों को जान से मारने की धमकी
मामला सालीचौका पुलिस चौकी क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, सोमवार रात कुछ लोग कथित तौर पर शराब के नशे में हथियार लेकर गांव पहुंचे थे। यहां उन्होंने ग्रामीणों के साथ अभद्रता की। आरोपियों ने लोधी समाज के लोगों को भी निशाना बनाते हुए जान से मारने की धमकी दी।
गांव में दहशत का माहौल
घटना के सामने आए वीडियो में कुछ लोग हाथों में हथियार लेकर हंगामा करते और ग्रामीणों को धमकाते दिखाई दे रहे हैं। उनके व्यवहार से गांव में तनाव की स्थिति बन गई। घटना के बाद से महिलाएं, बच्चे और अन्य ग्रामीण खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।
ग्रामीणों ने पुलिस चौकी पहुंचकर दी शिकायत
मामले को लेकर मंगलवार को लोधी समाज के लोग और ग्रामीण सालीचौका पुलिस चौकी पहुंचे। उन्होंने पुलिस को पूरे घटनाक्रम की जानकारी देते हुए आरोपियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। ग्रामीणों ने मांग की है कि मामले की गंभीरता से जांच कर संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
वीडियो सामने आने के बाद कार्रवाई का इंतजार
मंगलवार रात घटना का वीडियो सामने आने के बाद मामला और चर्चा में आ गया। ग्रामीणों को अब पुलिस की कार्रवाई का इंतजार है। फिलहाल, लगाए गए आरोपों की पुलिस जांच और आधिकारिक पुष्टि का इंतजार किया जा रहा है।




