CM मोहन यादव ने राज्यपाल मंगुभाई पटेल से की मुलाकात, किसान कल्याण वर्ष और युवा वर्ष की तैयारियों पर हुई चर्चा
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने राज्यपाल मंगुभाई पटेल से लोकभवन में मुलाकात की। इस दौरान किसान कल्याण वर्ष 2026, युवा वर्ष 2027, युवाओं के रोजगार, मध्य प्रदेश स्थापना दिवस, भगवान बिरसा मुंडा जयंती और प्रदेश में निवेश व नवाचार को बढ़ावा देने के प्रयासों पर चर्चा हुई।

CM Mohan Yadav Meets Governor: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शनिवार सुबह लोकभवन पहुंचकर राज्यपाल मंगुभाई पटेल से मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने राज्यपाल को किसानों की आमदनी बढाने और इनके समग्र कल्याण के लिए किये जा रहे प्रयासों, बलराम कृषि महोत्सव आयोजन और किसान कल्याण वर्ष की अब तक की प्रगति से अवगत कराया। इस दौरान प्रदेश के विकास, किसानों का कल्याण, युवाओं को रोजगार, जनजातीय गौरव दिवस और औद्योगिक निवेश जैसे कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने राज्यपाल को सरकार की योजनाओं और आगामी कार्यक्रमों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रदेश में साल 2026 को किसान कल्याण वर्ष के रूप में मनाया जा रहा है, जबकि साल 2027 युवा वर्ष होगा।
2026 किसान कल्याण वर्ष पर हुई चर्चा
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने राज्यपाल को बताया कि सरकार किसानों की आमदनी बढ़ाने और उनके जीवन स्तर में सुधार के लिए कई प्रयास कर रही है। किसान कल्याण वर्ष के तहत कृषि क्षेत्र को मजबूत बनाने और किसानों को लाभ पहुंचाने वाली योजनाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इस दौरान बलराम कृषि महोत्सव के आयोजन और किसान कल्याण वर्ष के तहत अब तक किए गए कार्यों की जानकारी भी साझा की गई।
2027 में युवा वर्ष मनाएगी सरकार
मुख्यमंत्री ने बताया कि मध्य प्रदेश सरकार साल 2027 को युवा वर्ष के रूप में मनाएगी। इसके तहत प्रदेश के युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर तैयार करने, कौशल विकास को बढ़ावा देने और स्टार्टअप को प्रोत्साहित करने पर जोर रहेगा।
सरकार का लक्ष्य युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के साथ उन्हें उद्यमिता के लिए तैयार करना भी है, ताकि वे अपने व्यवसाय को आगे बढ़ाकर उद्योग स्थापित कर सकें।
1 नवंबर को मनाया जाएगा मध्य प्रदेश स्थापना दिवस
मुख्यमंत्री ने राज्यपाल को 1 नवंबर को होने वाले मध्य प्रदेश स्थापना दिवस समारोह की तैयारियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस बार स्थापना दिवस के आयोजन में किसान हितैषी योजनाओं और सरकार के प्रयासों को भी प्रमुखता दी जाएगी।
बिरसा मुंडा जयंती पर होंगे विशेष कार्यक्रम
मुख्यमंत्री ने 15 नवंबर को भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों को लेकर भी चर्चा की। इस दिन राष्ट्रीय जनजातीय गौरव दिवस मनाया जाता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्य प्रदेश में जनजातीय समुदाय की बड़ी आबादी है। ऐसे में प्रदेशभर में भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर व्यापक स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस दौरान जनजातीय समाज के विकास और उनके कल्याण के लिए सरकार की योजनाओं पर भी ध्यान दिया जाएगा।
निवेश और नवाचार को बढ़ावा देने पर जोर
मुख्यमंत्री ने राज्यपाल को प्रदेश में निवेश बढ़ाने और विभिन्न क्षेत्रों में नवाचार को प्रोत्साहित करने के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी भी दी। राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने जनकल्याण और प्रदेश के औद्योगिक विकास के लिए मुख्यमंत्री द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना की और उन्हें मार्गदर्शन दिया।

.jpg&w=3840&q=75)

.jpg&w=3840&q=75)


