खेत में काम कर रहे किसान पर हाथी का हमला: गांव में दहशत का माहौल, वन विभाग ने ग्रामीणों को किया सतर्क
डिंडौरी के डोभी गांव में खेत में काम कर रहे 55 वर्षीय किसान पर हाथी ने हमला कर दिया। वन विभाग ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया और ग्रामीणों को सतर्क किया।

Dindori Elephant Attack: डिंडौरी जिले के मेहंदवानी वन परिक्षेत्र के डोभी गांव में हाथी के हमले से एक किसान घायल हो गया। खेत में काम कर रहे मंगल सिंह परस्ते (55) पर हाथी ने अचानक हमला कर दिया और उन्हें पटक दिया। घटना में किसान के हाथ-पैर और कमर में चोट आई है। वन विभाग की टीम ने घायल को वाहन से अस्पताल पहुंचाया।
खेत में काम कर रहा था किसान
जानकारी के मुताबिक, मंगल सिंह परस्ते अपने खेत में काम कर रहा था। इसी दौरान वहां धान की फसल खा रहे हाथी ने अचानक उन पर हमला कर दिया। हाथी के हमले में मंगल सिंह घायल हो गए। घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजन और वन विभाग की टीम सक्रिय हुई। मंगल सिंह के बेटे गोपाल सिंह परस्ते ने घटना की जानकारी दी। वन विभाग की गाड़ी से घायल किसान को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
मंडला के जंगल से आया था हाथी
बताया जा रहा है कि यह हाथी दो दिन पहले मंडला जिले के टिकरिया रेंज के जंगल से डिंडौरी क्षेत्र में आया था। इसके बाद से आसपास के गांवों में हाथी की मौजूदगी को लेकर चिंता बनी हुई है।
वन विभाग ने ग्रामीणों को किया सतर्क
हाथी के आसपास के गांवों में घूमने की सूचना के बाद वन विभाग ने मुनादी कराकर ग्रामीणों को सतर्क किया है। लोगों को हाथी से दूरी बनाए रखने और उसके नजदीक नहीं जाने की सलाह दी गई है। वन विभाग के मुताबिक, हाथी की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है। टीम दिन-रात गश्त कर रही है, ताकि हाथी की आवाजाही पर निगरानी रखी जा सके और ग्रामीणों की सुरक्षा सुनिश्चित हो।


