जबलपुर-इंदौर इंडिगो फ्लाइट कैंसिल, यात्री हुए परेशान, सामने आई ये वजह
हैदराबाद से जबलपुर आने के बाद इंदौर जाने वाली इंडिगो की फ्लाइट सोमवार को अचानक कैंसिल हो गई।

Indigo Flight Cancelled: जबलपुर एयरपोर्ट पर सोमवार को इंडिगो की उड़ान तकनीकी खराबी के चलते अचानक रद्द हो गई। हैदराबाद से जबलपुर पहुंचने के बाद फ्लाइट को इंदौर के लिए रवाना होना था, लेकिन विमान में तकनीकी समस्या सामने आने के बाद उड़ान नहीं भर सकी। इससे करीब 45 यात्री प्रभावित हुए।
तकनीकी खराबी बनी वजह
जानकारी के अनुसार, इंडिगो की फ्लाइट 6E7315 हैदराबाद से उड़ान भरकर अपने निर्धारित समय पर जबलपुर के डुमना एयरपोर्ट पहुंची थी। शेड्यूल के मुताबिक, इस विमान को सुबह 9:20 बजे जबलपुर से इंदौर के लिए उड़ान भरनी थी। उड़ान भरने से ठीक पहले विमान में तकनीकी खराबी का पता चला। सुरक्षा मानकों को ध्यान में रखते हुए इंजीनियरों की जांच के बाद विमान को उड़ान भरने की अनुमति नहीं दी गई और प्रबंधन को फ्लाइट रद्द करने का फैसला लेना पड़ा।
यात्रियों ने जताई नाराजगी
फ्लाइट में तकनीकी खराबी आने के कारण इसे रद्द करना पड़ा। इसकी जानकारी मिलने के बाद यात्रियों ने एयरपोर्ट पर नाराजगी जताई। यात्रियों का कहना था कि उन्हें जरूरी काम से इंदौर जाना था, लेकिन अचानक फ्लाइट कैंसिल होने से उनके काम प्रभावित हो गए।
एयरलाइन ने वैकल्पिक व्यवस्था का दिया भरोसा
यात्रियों की नाराजगी के बाद एयरलाइन अधिकारियों ने स्थिति संभाली और जल्द वैकल्पिक व्यवस्था करने का आश्वासन दिया। कुछ यात्रियों को कनेक्टिंग रूट के जरिए इंदौर भेजने की व्यवस्था की जा रही है।
वहीं, कुछ यात्रियों ने अपनी यात्रा रीशेड्यूल कराई, जबकि कुछ ने टिकट कैंसिल करा दी। अचानक फ्लाइट रद्द होने से यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
