नरसिंहपुर: मध्यान्ह भोजन के बाद बीमार बच्चों की अस्पताल से छुट्टी, खाद्य विभाग ने लिए सैंपल
नरसिंहपुर के समनापुर मिडिल स्कूल में मध्यान्ह भोजन के बाद बीमार हुए 45 बच्चों की तबीयत अब सामान्य है। अस्पताल में भर्ती 9 बच्चों को बुधवार सुबह छुट्टी दे दी गई।

Narsinghpur News: नरसिंहपुर जिले के समनापुर गांव के स्कूल में मध्यान्ह भोजन करने के बाद बीमार हुए बच्चों की तबीयत अब सामान्य है। मंगलवार को पेट दर्द और उल्टी की शिकायत के बाद अस्पताल में भर्ती कराए गए 9 बच्चों को बुधवार सुबह जांच के बाद छुट्टी दे दी गई। इससे पहले 36 बच्चों को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया था। इस तरह सभी 45 बच्चे अस्पताल से डिस्चार्ज हो चुके हैं। वहीं, खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्कूल पहुंचकर भोजन के सैंपल लिए हैं। अब जांच रिपोर्ट से ही बच्चों की तबीयत बिगड़ने की वजह स्पष्ट होगी।
स्वास्थ्य जांच के बाद 9 बच्चों को मिली छुट्टी
बुधवार सुबह जिला अस्पताल में सिविल सर्जन डॉ. राजकुमार चौधरी और आईएमओ डॉ. राहुल निमानी ने भर्ती बच्चों की जांच की। उन्होंने बच्चों और उनके परिजनों से बातचीत कर स्वास्थ्य की जानकारी भी ली।
जांच में बच्चों की हालत सामान्य मिलने के बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। इसके बाद सांदीपनी स्कूल की बस से सभी बच्चों को उनके घर पहुंचाया गया।
मंगलवार को 45 बच्चों की बिगड़ी थी तबीयत
समनापुर गांव के मिडिल स्कूल में मंगलवार को मध्यान्ह भोजन करने के बाद करीब 45 बच्चों की तबीयत बिगड़ गई थी। बच्चों को पेट दर्द और उल्टी की शिकायत के बाद जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच और उपचार शुरू किया।
प्राथमिक जांच के बाद 36 बच्चों को घर भेज दिया गया था, जबकि 9 बच्चों को निगरानी और इलाज के लिए शिशु वार्ड में भर्ती रखा गया था। बुधवार को इन बच्चों की हालत में सुधार मिलने पर उन्हें भी छुट्टी दे दी गई।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने भोजन के सैंपल लिए
घटना के बाद कलेक्टर रजनी सिंह के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने स्कूल पहुंचकर मध्यान्ह भोजन के नमूने लिए। इन सैंपल को जांच के लिए भेजा गया है।
फिलहाल जांच रिपोर्ट नहीं आई है। रिपोर्ट मिलने के बाद ही पता चलेगा कि भोजन की गुणवत्ता में कोई कमी थी या बच्चों की तबीयत बिगड़ने की वजह कुछ और थी।




