नरसिंहपुर में फर्जी डॉक्टर पर कार्रवाई: बिना डिग्री चला रहा था क्लिनिक, अवैध मेडिकल स्टोर भी सील
नरसिंहपुर के बिलेहरा गांव में स्वास्थ्य विभाग ने बिना वैध डिग्री-पंजीयन इलाज कर रहे झोलाछाप डॉक्टर पर कार्रवाई की।
Narsinghpur Fake Doctor: नरसिंहपुर जिले के तेंदूखेड़ा क्षेत्र में शुक्रवार को स्वास्थ्य विभाग ने झोलाछाप डॉक्टर के खिलाफ कार्रवाई की है। बिलेहरा गांव में संजय विश्वास खुद को ‘बंगाली डॉक्टर’ बताकर लोगों का इलाज कर रहा था। जांच के दौरान उसके पास मेडिकल प्रैक्टिस से जुड़ी वैध डिग्री और पंजीयन के दस्तावेज नहीं मिले। इसके अलावा वह ‘तनुश्री’ नाम से मेडिकल स्टोर भी संचालित कर रहा था।
ग्रामीणों की शिकायत पर पहुंची टीम
ग्रामीणों की शिकायत पर CMHO मनीष मिश्रा के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने बिलेहरा में जांच की। टीम ने संजय विश्वास से इलाज करने की योग्यता और क्लिनिक संचालन से जुड़े दस्तावेज मांगे। जांच के दौरान वैध मेडिकल डिग्री और पंजीयन से संबंधित दस्तावेज नहीं मिले। मेडिकल स्टोर के संचालन के लिए जरूरी कागजात भी मौके पर उपलब्ध नहीं थे।
मेडिकल स्टोर किया सील
दस्तावेज नहीं मिलने पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मौके पर पंचनामा तैयार किया। इसके बाद ‘तनुश्री’ मेडिकल स्टोर को सील कर दिया गया। विभाग ने संजय विश्वास को सभी वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।
दस्तावेज नहीं मिले तो होगी कानूनी कार्रवाई
स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, संजय विश्वास को अपनी योग्यता और संस्थान के संचालन से संबंधित वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने होंगे। यदि निर्धारित दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाते हैं, तो मामले में नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
झोलाछाप डॉक्टरों पर जारी रहेगी कार्रवाई
स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि बिना वैध अनुमति या आवश्यक योग्यता के लोगों का इलाज करने वालों के खिलाफ जांच और कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।



