CM मोहन यादव की किसानों को बड़ी सौगात, सीहोर में 536 करोड़ की सीप-अंबर माइक्रो परियोजना शुरू
सीहोर में CM मोहन यादव ने 536.23 करोड़ की सीप-अंबर परियोजना शुरू की। इससे 76 गांवों की 30,091 हेक्टेयर जमीन को सिंचाई सुविधा मिलेगी।


मध्यप्रदेश के किसानों के लिए सिंचाई के क्षेत्र में बड़ी सौगात मिली है। सीहोर जिले के भैरूंदा में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शुक्रवार को 536.23 करोड़ रुपए की सीप-अंबर माइक्रो सिंचाई परियोजना के फेज-1 और फेज-2 का लोकार्पण किया। इस परियोजना से बुधनी विधानसभा क्षेत्र के भैरूंदा विकासखंड के 76 गांवों की 30 हजार 91 हेक्टेयर कृषि भूमि को सिंचाई की सुविधा मिलेगी। इससे 8 हजार से अधिक किसानों को लाभ मिलने की उम्मीद है।
परियोजना की खास बात यह है कि खेतों तक पानी पहुंचाने के लिए पारंपरिक खुली नहरों के बजाय भूमिगत दबावयुक्त पाइपलाइन का इस्तेमाल किया गया है। नर्मदा नदी से पानी उठाकर पंप हाउस के माध्यम से पाइपलाइन के जरिए खेतों तक पहुंचाया जाएगा। इससे पानी के रिसाव और वाष्पीकरण के कारण होने वाली बर्बादी कम करने में मदद मिलेगी। किसान ड्रिप और स्प्रिंकलर जैसी आधुनिक तकनीकों से फसलों की सिंचाई कर सकेंगे।
दो चरणों में तैयार हुई 536 करोड़ की परियोजना
सीप-अंबर माइक्रो सिंचाई परियोजना का निर्माण दो चरणों में किया गया है। पहले चरण पर 346.12 करोड़ रुपए और दूसरे चरण पर 190.11 करोड़ रुपए की लागत आई है। इस तरह दोनों चरणों की कुल लागत 536.23 करोड़ रुपए है।
फेज-1: इसके तहत 47 गांवों की 15,284 हेक्टेयर कृषि भूमि को सिंचाई सुविधा से जोड़ा गया है। इस चरण में 16.57 किलोमीटर लंबी पाइपलाइन बिछाई गई है।
फेज-2: इसके तहत 29 गांवों की 14,807 हेक्टेयर कृषि भूमि को सिंचाई सुविधा मिलेगी। इसके लिए 24.09 किलोमीटर लंबी पाइपलाइन बिछाई गई है।
दोनों चरणों को मिलाकर 76 गांवों की 30,091 हेक्टेयर जमीन को सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है। परियोजना का निर्माण निर्धारित 36 महीने की समय-सीमा में पूरा किया गया।
नर्मदा के पानी से किसानों को मिलेगी राहत
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि बुधनी विधानसभा क्षेत्र के किसानों को मां नर्मदा का विशेष आशीर्वाद मिला है। अब नर्मदा के जल से खेतों की सिंचाई हो सकेगी। उन्होंने कहा कि सूखे खेतों को पानी मिल जाए तो फसल की पैदावार बेहतर होती है और किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत होती है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार सिंचाई सुविधाओं का लगातार विस्तार कर रही है। किसानों को दिन में भी बिजली उपलब्ध कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में 24 घंटे बिजली उपलब्ध कराने की दिशा में भी काम किया जा रहा है।
41.44 करोड़ के विकास कार्यों की भी सौगात
सीप-अंबर परियोजना के लोकार्पण के साथ ही मुख्यमंत्री ने बुधनी विधानसभा क्षेत्र को 41.44 करोड़ रुपए के विभिन्न विकास कार्यों की सौगात दी। इनमें पांच सड़कों के निर्माण, सलकनपुर में रेस्ट हाउस, शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय और प्रयोगशाला से जुड़े कार्य शामिल हैं।
इसके अलावा गोपालपुर में सामुदायिक भवन और बगवाड़ा में सीसी रोड निर्माण का भूमिपूजन किया गया। सलकनपुर में मां विजयासन के भव्य लोक का निर्माण भी जारी है। यहां आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुविधाओं को बढ़ाने के लिए रेस्ट हाउस की व्यवस्था विकसित करने की योजना है।
40 लाख से बढ़कर 60 लाख हेक्टेयर हुआ सिंचाई का रकबा
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में प्रदेश में सिंचाई सुविधाओं के विस्तार का जिक्र करते हुए कहा कि वर्ष 2002-03 तक मध्यप्रदेश में करीब साढ़े 7 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई होती थी। बाद के वर्षों में सिंचाई परियोजनाओं के विस्तार से वर्ष 2023 तक यह रकबा बढ़कर लगभग 40 लाख हेक्टेयर हो गया।
उन्होंने कहा कि पिछले ढाई वर्षों में प्रदेश का सिंचित क्षेत्र 20 लाख हेक्टेयर बढ़कर 60 लाख हेक्टेयर से अधिक हो गया है। राज्य सरकार ने भविष्य में सिंचाई का रकबा 1 करोड़ हेक्टेयर तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा है।
दूध उत्पादन में मध्यप्रदेश को नंबर-1 बनाने का लक्ष्य
मुख्यमंत्री ने कृषि के साथ पशुपालन और दुग्ध उत्पादन को भी किसानों की आय बढ़ाने का महत्वपूर्ण माध्यम बताया। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश फिलहाल दूध उत्पादन में देश में तीसरे स्थान पर है। सरकार का लक्ष्य प्रदेश को दूध उत्पादन में पहले स्थान पर लाना है।
उन्होंने प्राकृतिक खेती करने वाले किसानों को प्रति गाय 1 हजार रुपए प्रतिमाह सहायता देने के फैसले का भी उल्लेख किया। इसके साथ ही मान्यता प्राप्त गोशालाओं में प्रति गोवंश अनुदान 20 रुपए से बढ़ाकर 40 रुपए करने की जानकारी दी।
शिवराज सिंह चौहान ने वर्चुअली किया संबोधित
केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कार्यक्रम को वर्चुअल माध्यम से संबोधित किया। उन्होंने कहा कि सीप-अंबर सिंचाई परियोजना से बुधनी और भैरूंदा क्षेत्र के 76 गांवों के किसानों को लाभ मिलेगा। इससे खेती को मजबूती मिलने के साथ किसानों की तकदीर बदलने में मदद मिलेगी।
कार्यक्रम में जल संसाधन मंत्री तुलसी सिलावट और पिछड़ा वर्ग कल्याण मंत्री एवं सीहोर जिले की प्रभारी मंत्री कृष्णा गौर सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।

.webp&w=3840&q=75)
.jpg&w=3840&q=75)



