नरसिंहपुर: NEET में असफल होने के बाद छात्रा ने खाया जहर, इलाज के दौरान मौत
नरसिंहपुर में नीट परीक्षा में सफल नहीं हो पाने पर 17 वर्षीय छात्रा ने चूहामार दवा खा ली। जिसके बाद इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

.webp&w=3840&q=75)
Narsinghpur News: नरसिंहपुर के निवारी पुलिस चौकी क्षेत्र के ग्राम बारह छोटा में नीट परीक्षा में सफल नहीं होने के बाद तनाव में आई नाबालिग ने चूहामार दवा खा ली। 17 वर्षीय छात्रा की इलाज के दौरान मौत हो गई। परिजनों के मुताबिक, छात्रा नीट परीक्षा में सफल नहीं हो पाई थी और इसके बाद से वह मानसिक तनाव में थी। 24 नवंबर को उसकी तबीयत बिगड़ने पर परिजन उसे इलाज के लिए अलग-अलग अस्पतालों में लेकर पहुंचे। गुरुवार रात एक निजी अस्पताल में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
शुक्रवार सुबह जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
एक सप्ताह से तनाव में थी छात्रा
मृतका के भाई ने बताया कि उसकी बहन ने NEET परीक्षा दी थी, लेकिन वह सफल नहीं हो सकी। इसके बाद से वह पिछले कुछ समय से परेशान थी। भाई के मुताबिक, परीक्षा में असफलता के बाद वह करीब एक सप्ताह से मानसिक तनाव में थी।
इलाज के लिए कई अस्पतालों में ले गए परिजन
परिजनों के अनुसार, छात्रा की तबीयत बिगड़ने पर वे सबसे पहले उसे नजदीकी डॉक्टर के पास लेकर पहुंचे। वहां से उसे दूसरे अस्पताल ले जाने की सलाह दी गई। इसके बाद परिजन करेली सिविल अस्पताल पहुंचे, लेकिन उनका आरोप है कि वहां डॉक्टर उपलब्ध नहीं मिले।
इसके बाद छात्रा को नरसिंहपुर जिला अस्पताल लाया गया। यहां से डॉक्टरों ने उसे जबलपुर रेफर किया था। हालांकि, परिजन उसे जबलपुर ले जाने के बजाय नरसिंहपुर के एक निजी अस्पताल में ले गए। यहां उपचार के दौरान गुरुवार रात उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की
शुक्रवार सुबह जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। अस्पताल चौकी पुलिस ने शून्य पर मर्ग प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार, मामले की आगे की जांच के लिए डायरी निवारी पुलिस चौकी और संबंधित थाने भेजी जाएगी। परिजनों के बयान और अन्य तथ्यों के आधार पर मामले की जांच की जाएगी। फिलहाल पुलिस जांच जारी है।



