भोपाल की रिद्धि-सिद्धि रेसीडेंसी की पार्किंग में भीषण आग, चपेट में आए दो एक्टिवा स्कूटर; रहवासियों की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा
भोपाल के अयोध्या बाईपास स्थित रिद्धि-सिद्धि रेसीडेंसी की पार्किंग में आग लगने से दो एक्टिवा स्कूटर चपेट में आ गए। रहवासियों ने समय रहते आग पर काबू पाया।

भोपाल के अयोध्या बाईपास रोड स्थित रिद्धि-सिद्धि रेसीडेंसी की पार्किंग में रविवार दोपहर अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। बिल्डिंग के निचले हिस्से में लगी आग तेजी से फैलने लगी और पार्किंग में खड़े दोपहिया वाहन इसकी चपेट में आ गए। हादसे में एक एक्टिवा स्कूटर पूरी तरह जल गया, जबकि दूसरा स्कूटर भी आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हुआ। गनीमत रही कि रहवासियों की सूझबूझ से आग पर समय रहते काबू पा लिया गया और बड़ा हादसा टल गया।
ऋद्धि सिद्धि रेसीडेंसी परिसर की घटना
घटना नरेला शंकरी के वार्ड-67 स्थित रेसीडेंसी परिसर की है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, रविवार दोपहर पार्किंग के निचले तल से अचानक धुआं उठता दिखाई दिया। कुछ ही देर में वहां आग की लपटें नजर आने लगीं। धुआं और आग देखकर परिसर में रहने वाले लोगों के बीच अफरा-तफरी मच गई। आसपास खड़े अन्य वाहनों तक आग पहुंचने का भी खतरा पैदा हो गया था।
एक एक्टिवा जलकर खाक, दूसरा वाहन भी क्षतिग्रस्त
इस घटना में ब्लॉक नंबर-53 में रहने वाले अनिल शर्मा का एक्टिवा स्कूटर (MP 04 YZ 7367) बुरी तरह जल गया। जिससे उन्हें भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है। इसके अलावा पार्किंग में खड़ा एक अन्य एक्टिवा स्कूटर भी आग की चपेट में आने से आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हो गया।
रहवासियों की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा
आग को फैलता देख रेसीडेंसी के रहवासियों और अनिल शर्मा के परिजनों ने तुरंत आग बुझाने के प्रयास शुरू किए। लोगों की सामूहिक कोशिशों से कुछ ही देर में लपटों पर काबू पा लिया गया। घटना के समय पार्किंग में कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था, जिससे जनहानि नहीं हुई। फिलहाल आग लगने के सटीक कारणों का पता नहीं चल पाया है।








.webp&w=3840&q=75)

