मंडला की चौगान मढ़िया में ऐतिहासिक मड़ई, हजारों चंडियों के साथ निकली भव्य यात्रा, जानिए क्या है मान्यता
मंडला के रामनगर स्थित चौगान की मढ़िया में ऐतिहासिक मड़ई के दौरान हजारों श्रद्धालुओं का जमावड़ा लगा। मोरपंख और लाल-सफेद वस्त्रों से सजी चंडियों की पूजा के बाद भव्य यात्रा निकाली गई।

Mandla News: मध्य प्रदेश के मंडला जिले के रामनगर स्थित आदिवासी समाज की आस्था के प्रमुख केंद्र चौगान की मढ़िया में सोमवार को पारंपरिक मड़ई का भव्य आयोजन हुआ। देवउठनी ग्यारस के बाद आयोजित इस ऐतिहासिक मड़ई में मध्य प्रदेश के विभिन्न जिलों के साथ छत्तीसगढ़ से भी हजारों श्रद्धालु पहुंचे। सुबह से ही मढ़िया परिसर में आस्था और उत्साह का माहौल रहा। विशेष पूजा-अर्चना के बाद नगाड़ों की गूंज और मृदंग की थाप के बीच पारंपरिक धार्मिक अनुष्ठान शुरू हुए।
मोरपंख और लाल-सफेद ध्वजों से सजी चंडियां
चौगान मड़ई की सबसे खास परंपरा चंडियों का पूजन और उनका सामूहिक भ्रमण है। अलग-अलग गांवों से श्रद्धालु अपनी चंडियां लेकर मढ़िया पहुंचे। मोरपंख, कौड़ियों और लाल-सफेद वस्त्रों से सजे इन देव प्रतीकों ने आयोजन को खास स्वरूप दिया।
सिद्ध मढ़िया में विधि-विधान से पूजा के बाद हजारों चंडियों की टोलियां गांव की परिक्रमा के लिए निकलीं। इस दौरान नगाड़ों की आवाज और पारंपरिक गीतों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा।
मृदंग की थाप पर अहीर समाज ने किया पारंपरिक नृत्य
मड़ई में अहीर समाज की भागीदारी भी खास आकर्षण रही। पारंपरिक वेशभूषा में पहुंचे समाज के लोगों ने मृदंग की थाप पर सामूहिक नृत्य प्रस्तुत किया। यात्रा में सबसे आगे नृत्य करती टोलियां और उनके पीछे चंडियों का समूह नजर आया। इस दौरान स्थानीय लोक संस्कृति और पीढ़ियों से चली आ रही परंपराओं की झलक देखने को मिली।
चंडियों की पूजा से जुड़ी है सुख-समृद्धि की मान्यता
स्थानीय मान्यता के अनुसार, चंडी ग्राम देवी, कुलदेवता और पूर्वजों की शक्ति का प्रतीक मानी जाती है। श्रद्धालुओं का विश्वास है कि चंडियों की पूजा और गांव की परिक्रमा से क्षेत्र में सुख-समृद्धि आती है। साथ ही गांव बीमारियों और आपदाओं से सुरक्षित रहता है।
आदिवासी संस्कृति और परंपरा का प्रमुख केंद्र है चौगान की मढ़िया
चौगान की मढ़िया मंडला और आसपास के आदिवासी समाज के लिए महत्वपूर्ण धार्मिक स्थल है। यहां लगने वाली मड़ई केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि सामुदायिक एकता और लोक संस्कृति को सहेजने का भी माध्यम है। हर साल देवउठनी ग्यारस के बाद आयोजित होने वाले इस आयोजन में दूर-दराज के गांवों से लोग अपनी पारंपरिक चंडियों के साथ पहुंचते हैं।

.webp&w=3840&q=75)



