मंडला में मौसम ने बदली करवट, सुबह से ही चारों ओर छाया घना कोहरा; वाहनों की रफ्तार पर लगा ब्रेक!
मंडला में मंगलवार सुबह कोहरे ने पूरे इलाके को अपनी आगोश में ले लिया। सड़कें, पेड़ और इमारतें धुंध की सफेद चादर में ढकी नजर आईं।


Mandla Weather Update: मंडला जिले में सर्दी का असर धीरे-धीरे बढ़ने लगा है। मंगलवार की सुबह मंडला में घने कोहरे के साथ हुई। शहर की सड़कों से लेकर आसपास के इलाकों तक धुंध छाई रही। सुबह करीब 9 बजे तक कोहरे के कारण दूर तक देख पाना मुश्किल रहा। इस दौरान वाहन चालकों को भी सावधानी के साथ सफर करना पड़ा। हालांकि, धूप निकलने के बाद मौसम ने राहत दी और दिन सामान्य रहा।
न्यूनतम तापमान 15.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ
पिछले कुछ दिनों से बारिश और बादलों के कारण मौसम में बनी ठंडक अब बदलने लगी है। चक्रवाती तूफान 'अकवन' का प्रभाव कमजोर पड़ने के बाद आसमान साफ हुआ है। इसका असर तापमान पर भी दिखाई देने लगा है। मंगलवार को मंडला में न्यूनतम तापमान 15.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। एक दिन पहले के मुकाबले इसमें करीब 2 डिग्री की गिरावट आई है।
दिन में धूप, रात में सर्दी का असर
तापमान के आंकड़ों पर नजर डालें तो सोमवार को जिले में न्यूनतम तापमान 17.3 डिग्री और अधिकतम 28.2 डिग्री सेल्सियस रहा था। दिन में धूप के चलते लोगों को खास परेशानी नहीं हुई, लेकिन सुबह और रात के वक्त ठंड का एहसास बढ़ने लगा है। मौसम साफ रहने के कारण आने वाले दिनों में सर्दी का असर और महसूस हो सकता है।
अगले तीन दिन में और लुढ़केगा पारा
मौसम विभाग के अनुमान के अनुसार, गुजरात और महाराष्ट्र के ऊपर बने साइक्लोनिक सर्कुलेशन के साथ वेस्टर्न डिस्टर्बेंस का प्रभाव मौसम को प्रभावित कर रहा है। इसके चलते अगले तीन दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट होने की संभावना है। तापमान में इस बदलाव से सुबह और रात की ठंड बढ़ सकती है।

.webp&w=3840&q=75)


