डिंडौरी में जमीन मुआवजे को लेकर विवाद: 5 लाख रुपए लेकर SP के पास पहुंचीं चार बहनें, जीजा से पांच लाख और दिलाने की मांग
बांध परियोजना के लिए अधिग्रहित 16 एकड़ जमीन के 29.80 लाख रुपए मुआवजे को लेकर पारिवारिक विवाद सामने आया है। चार बहनें अपने हिस्से की मांग कर रही हैं, वहीं उनके जीजा ने प्रधान आरक्षक पर 5 लाख रुपए लेने का आरोप लगाया है।


Dindori News: मध्य प्रदेश के डिंडौरी में बांध परियोजना के लिए अधिग्रहित जमीन के मुआवजे को लेकर पारिवारिक विवाद पुलिस अधीक्षक कार्यालय तक पहुंच गया है। बुधवार को चार बहनें नोटों से भरा झोला लेकर एसपी कार्यालय पहुंचीं और अपनी बहन के पति से मुआवजे में 5 लाख रुपए और दिलाने की मांग की। दूसरी तरफ, उनके जीजा चूरामन भरिया ने विक्रमपुर पुलिस चौकी में पदस्थ प्रधान आरक्षक सत्येंद्र पटेल पर मुआवजे की रकम में से 5 लाख रुपए लेने और झूठे केस में फंसाने की धमकी देने का आरोप लगाया है।
मामले में एक तरफ चार बहनें अपने हिस्से की रकम मांग रही हैं, तो दूसरी तरफ जीजा पुलिसकर्मी पर पैसे लेने का आरोप लगाकर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। विवाद की जड़ करीब 16 एकड़ जमीन और उससे मिलने वाला 29.80 लाख रुपए का मुआवजा है।
छह बेटियों का परिवार, माता-पिता ने एक बेटी को रखा था साथ
मामला डिंडौरी के मरवारी गांव का है। यहां रहने वाले भादू सिंह और उनकी पत्नी फुली बाई का कोई बेटा नहीं था। उनकी छह बेटियां कलावती, कलिया, मल्ली, हेमवती, भगवती और रजनी थीं। सभी बेटियों की शादी के बाद माता-पिता ने बुढ़ापे में सहारे के लिए बेटी मल्ली बाई और उसके पति चूरामन भरिया को अपने साथ रखा था।
भादू सिंह का 1998 और फुली बाई का 1999 में निधन हो गया। इसके बाद सभी बहनों ने मिलकर माता-पिता का अंतिम संस्कार और अन्य रस्में पूरी की थीं। बताया गया है कि 16 एकड़ जमीन का दानपत्र मल्ली बाई और उनके पति चूरामन के नाम था। दोनों इसी जमीन पर खेती करते आ रहे थे।
बांध परियोजना में डूबी 16 एकड़ जमीन, 29.80 लाख मुआवजा
राघोपुर बहुउद्देशीय बांध परियोजना के कारण चूरामन और मल्ली बाई के नाम की 16 एकड़ जमीन डूब क्षेत्र में आ गई। इसके बदले 29 लाख 80 हजार रुपए मुआवजा तय किया गया। मुआवजे की जानकारी मिलने के बाद परिवार की चार अन्य बहनें अपना हिस्सा मांगने गांव पहुंचीं।
इस मुद्दे पर गांव में पंचायत भी हुई, लेकिन जमीन और मुआवजे में हिस्सेदारी को लेकर सहमति नहीं बन सकी। इसके बाद चारों बहनों ने 13 नवंबर को विक्रमपुर पुलिस चौकी में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत प्रधान आरक्षक सत्येंद्र पटेल तक पहुंची।
पुलिस चौकी में बातचीत के बाद 10 लाख में हुआ समझौता
शिकायत मिलने पर प्रधान आरक्षक ने बहनों को कोर्ट जाने की सलाह दी। हालांकि, बहनों ने आर्थिक स्थिति कमजोर होने का हवाला देते हुए पुलिस स्तर पर ही विवाद सुलझाने की बात कही। इसके बाद प्रधान आरक्षक ने चूरामन से फोन पर संपर्क किया और दोनों पक्षों के बीच बातचीत हुई।
बताया गया कि बातचीत के बाद 10 लाख रुपए में समझौता तय हुआ। इसमें 5 लाख रुपए नकद देने और शेष 5 लाख रुपए बैंक के माध्यम से देने की बात शामिल थी। हालांकि, इसी समझौते के बाद मामला एक नए विवाद में बदल गया।
जीजा का आरोप- प्रधान आरक्षक ने ले लिए 5 लाख रुपए
सोमवार को चूरामन भरिया एसपी कार्यालय पहुंचे और शिकायत की कि प्रधान आरक्षक सत्येंद्र पटेल ने मुआवजे की राशि में से 5 लाख रुपए ले लिए हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि प्रधान आरक्षक उन्हें झूठे मामले में फंसाने की धमकी दे रहे हैं।
इसके बाद मंगलवार को कलावती, हेमवती, भगवती और कलिया ने भी एसपी कार्यालय पहुंचकर अपनी शिकायत दर्ज कराई। बुधवार को चारों बहनें 5 लाख रुपए लेकर दोबारा एसपी कार्यालय पहुंचीं। इस घटनाक्रम के बाद मुआवजे को लेकर चल रहा पारिवारिक विवाद और चर्चा में आ गया।
एसपी ने दी कोर्ट और कलेक्टर कार्यालय जाने की सलाह
एसपी आशीष खरे ने चारों बहनों को विवाद का समाधान आपसी सहमति, गांव की पंचायत, कलेक्टर कार्यालय या सिविल कोर्ट के माध्यम से कराने की सलाह दी। उन्होंने स्पष्ट किया कि पुलिस का काम आपराधिक मामलों में कार्रवाई करना है।
वहीं, प्रधान आरक्षक पर 5 लाख रुपए लेने के आरोप को लेकर एसपी ने कहा कि पीड़ितों ने पुलिस में शिकायत की थी, इसलिए संभव है कि हेड कॉन्स्टेबल ने मामले में हस्तक्षेप किया हो। फिलहाल जमीन के मुआवजे और पुलिसकर्मी पर लगाए गए आरोपों को लेकर विवाद बना हुआ है।




