दुर्घटना मुआवजे के लिए बदला ट्रैक्टर का नंबर! MP हाई कोर्ट ने रद्द किया 12.65 लाख का आदेश; DGP को जांच के निर्देश
मध्य प्रदेश हाईकोर्ट ने सड़क हादसे के मुआवजे से जुड़े एक मामले में पुलिस जांच की गंभीर खामियों को उजागर करते हुए बड़ा फैसला सुनाया है। कोर्ट ने मृतक के परिजनों को 12.65 लाख रुपए मुआवजा देने का आदेश निरस्त कर दिया।

MP High Court: मध्य प्रदेश हाईकोर्ट ने मोटर दुर्घटना मुआवजे से जुड़े एक मामले में बड़ा फैसला सुनाते हुए मृतक के परिजनों को 12.65 लाख रुपए का मुआवजा देने का आदेश निरस्त कर दिया है। जांच में सामने आया कि जिस ट्रैक्टर को हादसे का जिम्मेदार बताया गया था, पुलिस ने जब्त किसी दूसरे नंबर का वाहन किया था, जबकि कोर्ट में चालान अलग नंबर के ट्रैक्टर के खिलाफ पेश किया गया। इतना ही नहीं, जिन लोगों को प्रत्यक्षदर्शी बताया गया, उन्होंने भी घटना अपनी आंखों से देखने से इनकार कर दिया।
जस्टिस विवेक अग्रवाल की एकलपीठ ने बीमा कंपनी की अपील स्वीकार करते हुए मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण (MACT) का आदेश रद्द कर दिया। कोर्ट ने मामले की जांच करने वाले आरक्षक रामशंकर परते की भूमिका को भी संदिग्ध माना और उनके खिलाफ विभागीय जांच कराने के निर्देश दिए हैं। वहीं, मुआवजे की राशि बढ़ाने की मांग लेकर दायर की गई याचिकाएं भी खारिज कर दी गईं।
एक हादसा, लेकिन पुलिस रिकॉर्ड में दो अलग-अलग ट्रैक्टर नंबर
मामला 30 अप्रैल 2019 का है। अतरालिया रोड पर नहर के पास ट्रैक्टर की टक्कर से बंशी उर्फ बंशीलाल की मौत हो गई थी। इस मामले में भोपाल के मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण ने 30 जनवरी 2023 को मृतक के परिजनों को 12.65 लाख रुपए मुआवजा देने का आदेश दिया था। बीमा कंपनी ने इस फैसले को चुनौती देते हुए हाईकोर्ट में अपील की।
सुनवाई के दौरान पुलिस रिकॉर्ड की पड़ताल में बड़ी गड़बड़ी सामने आई। पुलिस ने 6 जून 2019 को MP 37 AB 4896 नंबर का ट्रैक्टर जब्त किया था, जबकि अदालत में पेश चालान MP 05 AB 4896 नंबर के ट्रैक्टर के खिलाफ था। जांच अधिकारी ने जिन लोगों के बयान दर्ज करने का दावा किया था, उनके बयान भी चालान के साथ संलग्न नहीं मिले।
प्रत्यक्षदर्शी बने गवाहों ने ही खोल दी जांच की पोल
मामले में गवाहों के बयान भी पुलिस की जांच पर सवाल खड़े करने वाले रहे। मुख्य गवाह मुकेश कुमार और प्रकाश कुमार ने अदालत में जिरह के दौरान स्वीकार किया कि वे हादसे के वक्त मौके पर मौजूद नहीं थे। उन्हें दुर्घटना की जानकारी केवल दूसरों से मिली थी।
वहीं, गवाह मृगेंद्र चौहान ने बताया कि उसने न तो पुलिस को हादसे की सूचना दी थी और न ही घायल को अस्पताल पहुंचाया था। वह मृतक के बेटे के कहने पर कोर्ट में गवाही देने आया था। इन बयानों से दुर्घटना में संबंधित ट्रैक्टर की भूमिका साबित करने वाले दावे कमजोर पड़ गए।
सबूतों की अनदेखी कर दिया गया था मुआवजे का आदेश
हाई कोर्ट ने पाया कि MACT ने मामले के अहम दस्तावेजों और गवाहों के बयानों पर पर्याप्त विचार किए बिना मुआवजा देने का आदेश पारित किया था। कोर्ट के मुताबिक, जब्त किए गए वाहन और चालान में दर्ज वाहन के नंबर अलग-अलग थे। इसके अलावा गवाहों के बयान भी दुर्घटना के दावे की पुष्टि नहीं कर रहे थे।
इन परिस्थितियों में हादसे में संबंधित ट्रैक्टर की संलिप्तता साबित नहीं हो सकी। इसी आधार पर हाईकोर्ट ने मुआवजे का पूरा आदेश निरस्त कर दिया।
DGP को 30 दिन में देनी होगी जांच रिपोर्ट
हाई कोर्ट ने जांच अधिकारी आरक्षक रामशंकर परते की भूमिका को लेकर भी गंभीर सवाल उठाए। कोर्ट ने पुलिस महानिदेशक (DGP) को निर्देश दिए कि सीहोर एसपी के माध्यम से उनके खिलाफ विभागीय जांच कराई जाए।
कोर्ट ने जांच अधिकारी की भूमिका में भ्रष्टाचार या किसी अन्य लाभ के उद्देश्य से दावेदारों को फायदा पहुंचाने की आशंका भी जताई है। कोर्ट ने जांच रिपोर्ट 30 दिनों के भीतर पेश करने के निर्देश दिए। यदि अधिकारी दोषी पाए जाते हैं तो उनके खिलाफ कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाए।








