जबलपुर: शहपुरा के जाम से मिलेगी राहत, नहर किनारे बनेगी 9 किमी लंबी सड़क; लोक निर्माण मंत्री का बड़ा फैसला
जबलपुर के शहपुरा में जाम से राहत के लिए नहर किनारे 9 किलोमीटर सड़क बनाई जाएगी। इस मार्ग के बनने से मटर सीजन में उपज मंडियों तक ले जाने वाले किसानों और जबलपुर-भोपाल के बीच सफर करने वाले वाहन चालकों को बड़ी राहत मिलेगी।


Jabalpur News: जबलपुर-भोपाल मार्ग पर शहपुरा में होने वाले ट्रैफिक जाम की समस्या को दूर करने के लिए प्रशासन ने नहर किनारे 9 किलोमीटर लंबा वैकल्पिक मार्ग बनाने की योजना तैयार की है। यह सड़क ग्राम खैरी के पास एनएच-45 पर बन रहे रेलवे ओवरब्रिज से शुरू होकर नहर के किनारे होते हुए जबलपुर-पाटन रोड स्थित घुसौर तक जाएगी। 7.5 मीटर चौड़ी इस सड़क का निर्माण 40 से 50 दिनों के भीतर पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने सोमवार शाम शहपुरा, पाटन रोड और सहजपुर मार्ग का दौरा कर जमीनी हकीकत देखी। उन्होंने अधिकारियों के साथ प्रस्तावित रूट का निरीक्षण किया और परियोजना से जुड़ी तकनीकी व प्रशासनिक दिक्कतों की समीक्षा की। मंत्री ने सभी संबंधित विभागों को आपसी तालमेल के साथ जल्द से जल्द काम शुरू करने के निर्देश दिए।
मटर सीजन में किसानों और यात्रियों को होगा बड़ा फायदा
शहपुरा और पाटन क्षेत्र में मटर समेत अन्य फसलों की बड़े पैमाने पर खेती होती है। मटर के सीजन में फसल लेकर मंडियों की ओर जाने वाले वाहनों की भीड़ के कारण शहपुरा में जाम की स्थिति और गंभीर हो जाती है। नए वैकल्पिक मार्ग के शुरू होने से किसानों को अपनी उपज मंडियों तक पहुंचाने में सहूलियत मिलेगी। इसके अलावा जबलपुर और भोपाल के बीच आवाजाही करने वाले वाहन चालकों को भी एक अतिरिक्त मार्ग मिल जाएगा, जिससे मुख्य सड़क पर ट्रैफिक का दबाव काफी कम होगा।
रेलवे ओवरब्रिज के लिए दोबारा होगा टेंडर
एमपीआरडीसी द्वारा बनाए जा रहे शहपुरा रेलवे ओवरब्रिज (ROB) की टेंडर प्रक्रिया में न्यूनतम बोली लगाने वाले ठेकेदार के साथ आगे की प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी। इस वजह से अब नए सिरे से टेंडर बुलाए जाएंगे। मंत्री राकेश सिंह के मुताबिक, नई निविदा प्रक्रिया और निर्माण एजेंसी फाइनल होने के बाद ही ओवरब्रिज पूरा होने की समय-सीमा तय हो पाएगी। तब तक लोगों को जाम से बचाने के लिए वैकल्पिक सड़क का विकल्प तैयार किया जा रहा है।
गुणवत्ता और समय-सीमा पर विशेष जोर
निरीक्षण के दौरान मंत्री राकेश सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जमीन, तकनीकी मंजूरी और अन्य अड़चनों को प्राथमिकता के आधार पर सुलझाया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्य की गुणवत्ता से किसी भी तरह का समझौता किए बिना इसे 40 से 50 दिन में तैयार किया जाए।
ये रहे मौजूद
इस दौरान विधायक नीरज सिंह, कलेक्टर अरुण कुमार विश्वकर्मा, पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय, एमपीआरडीसी के जीएम विक्रम सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।








