छिंदवाड़ा में पटाखे की चिंगारी से वाहनों में लगी आग, मौके पर पहुंची फायर टीम, आग पर पाया काबू
छिंदवाड़ा की विवेकानंद कॉलोनी में पटाखे की चिंगारी से स्कूटी समेत कई वाहनों में आग लग गई।

Chhindwara News: मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले की विवेकानंद कॉलोनी में गुरुवार रात पटाखे की चिंगारी से आग लग गई। साईं मंदिर के पास खड़ी एक स्कूटी के नीचे जलता हुआ पटाखा चला गया, जिससे वाहन में आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग की लपटें पास खड़े दूसरे वाहनों तक पहुंच गईं। वाहनों से धुआं और लपटें उठती देख इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
स्थानीय लोगों ने सबसे पहले संभाला मोर्चा
आग लगते ही आसपास मौजूद लोग मदद के लिए दौड़े। उन्होंने पानी डालकर आग बुझाने की कोशिश शुरू कर दी। इसी बीच घटना की सूचना पुलिस और नगर निगम की फायर ब्रिगेड को दी गई। कुछ ही देर में फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों के साथ मिलकर आग पर काबू पाया।
समय रहते बुझी आग, टला बड़ा हादसा
समय रहते आग बुझा दिए जाने से आसपास खड़े अन्य वाहनों और संपत्ति को बड़े नुकसान से बचा लिया गया। राहत की बात यह रही कि घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
