छिंदवाड़ा: दमुआ थाने में लोकायुक्त का छापा, 50 हजार की रिश्वत लेते हेड कांस्टेबल को किया गिरफ्तार
केस में राहत दिलाने के नाम पर 1 लाख रुपए की रिश्वत मांगी गई। फरियादी की शिकायत पर लोकायुक्त ने जाल बिछाया और दमुआ थाने में ही 50 हजार रुपए लेते प्रधान आरक्षक को रंगे हाथों पकड़ लिया।

Chhindwara News: छिंदवाड़ा में भ्रष्टाचार के खिलाफ लोकायुक्त ने कार्रवाई करते हुए दमुआ थाने के एक प्रधान आरक्षक को गिरफ्तार किया है। आरोपी धरमदास यादव पर चेक बाउंस के मामले में खात्मा लगाने के बदले 1 लाख रुपए मांगने का आरोप है। शनिवार को वह 50 हजार रुपए की पहली किस्त ले रहा था, तभी लोकायुक्त की टीम ने उसे थाने के भीतर ही पकड़ लिया।
चेक बाउंस केस में खात्मा लगाने मांगे थे 1 लाख रुपए
लोकायुक्त इंस्पेक्टर राहुल गजभिए के अनुसार, दानिश अंसारी से जुड़े चेक बाउंस मामले की शिकायत थाने में दर्ज कराई गई थी। इस प्रकरण की जांच चल रही थी। आरोप है कि जांच के दौरान प्रधान आरक्षक धरमदास यादव ने मामले में खात्मा (खारजी) लगाने की प्रक्रिया पूरी करने के बदले फरियादी से 1 लाख रुपए मांगे। रिश्वत की मांग से परेशान होकर फरियादी ने दो दिन पहले लोकायुक्त कार्यालय पहुंचकर शिकायत की थी।
शिकायत के बाद बनाई कार्रवाई की योजना
फरियादी की शिकायत मिलने पर लोकायुक्त टीम ने पहले आरोपों का सत्यापन किया। इसके बाद रिश्वत लेते हुए आरोपी को पकड़ने की योजना तैयार की गई। शनिवार को फरियादी तय योजना के मुताबिक 50 हजार रुपए लेकर दमुआ थाने पहुंचा। प्रधान आरक्षक ने जैसे ही रकम ली, वहां मौजूद लोकायुक्त अधिकारियों ने उसे पकड़ लिया।
डीएसपी रेखा प्रजापति के नेतृत्व में कार्रवाई
लोकायुक्त की इस कार्रवाई का नेतृत्व डीएसपी रेखा प्रजापति ने किया। टीम में निरीक्षक ब्रजमोहन सिंह नरवरिया, निरीक्षक राहुल गजभिए और अन्य सदस्य शामिल थे। प्रधान आरक्षक के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है।





