छिंदवाड़ा: मेले में खाना खाने के बाद 4 बच्चे बीमार; जिला अस्पताल में भर्ती, खाने की गुणवत्ता पर उठे सवाल
छिंदवाड़ा के काली रात धाम मेले में समोसे, जलेबी, गुपचुप और नूडल्स खाने के बाद बच्चों समेत कई लोगों की तबीयत बिगड़ी।

Chhindwara News: छिंदवाड़ा के काली रात धाम में लगे मेले में खान-पान के बाद बच्चों समेत कई लोगों की तबीयत बिगड़ गई। उल्टी-दस्त, पेट दर्द और सिरदर्द की शिकायत होने पर चार बच्चों सहित अन्य लोगों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सभी का उपचार जारी है। घटना के बाद मेले में बिक रहे खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
पीड़ितों के मुताबिक, उन्होंने मेले में समोसे, जलेबी, गुपचुप और नूडल्स खाए थे। घर लौटने के कुछ घंटे बाद ही उनकी तबीयत बिगड़ने लगी। रातभर परेशानी रहने के बाद परिजन शनिवार सुबह उन्हें जिला अस्पताल लेकर पहुंचे।
मेले से लौटे तो बच्चों की बिगड़ी तबीयत
लेंदा गोंदी निवासी सुमेर ने बताया कि वह परिवार के साथ काली रात धाम का मेला घूमने गए थे। वहां बच्चों ने गुपचुप, जलेबी और समोसे खाए थे। घर लौटने के कुछ समय बाद रात में चारों बच्चों को उल्टी-दस्त होने लगे। हालत में सुधार नहीं होने पर सुबह उन्हें अस्पताल ले जाना पड़ा।
वहीं, पूर्वी नाम की बच्ची की परिजन प्रियंका के मुताबिक, बच्ची ने मेले में समोसे, गुपचुप और जलेबी खाई थी। रात में उसे सिरदर्द और पेट दर्द के साथ उल्टी-दस्त की शिकायत होने लगी। इसके बाद परिजन उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। बीमार बच्चों में परिधि, पूर्वी और अमित समेत चार बच्चे शामिल हैं।
नूडल्स खाने के कुछ घंटे बाद शुरू हुई उल्टी
लोनिया निवासी कार्तिक बिलवंशी और लेंदा गोंदी निवासी अमित इनवाती ने बताया कि वे भी मेला घूमने गए थे। वहां नूडल्स खाने के कुछ घंटे बाद उन्हें उल्टी होने लगी। घर पहुंचने के बाद भी रातभर परेशानी बनी रही। इसके बाद शनिवार सुबह वे इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंचे। अमित के अनुसार, लेंदा गोंदी के चार लोग भी इस परेशानी से प्रभावित हुए हैं।
खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता पर उठे सवाल
एक ही मेले में अलग-अलग परिवारों के बच्चों और अन्य लोगों की तबीयत बिगड़ने की घटनाओं के बाद वहां बिक रहे खाने की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो रहे हैं। हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं है कि सभी लोगों की तबीयत खराब होने की वजह क्या रही। खाद्य सामग्री के सैंपल लिए गए हैं या नहीं, इसकी भी जानकारी सामने नहीं आई है। फिलहाल अस्पताल में सभी पीड़ितों का इलाज जारी है।





